क्रिकेट

IND vs AFG: मानव सुथार के मुरीद हुए सुनील गावस्कर, अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार डेब्यू पर जमकर की तारीफ

भारत की तरफ से अपना डेब्यू टेस्ट खेल रहे बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने शानदार गेंदबाजी की है और 3 विकेट झटके हैं। पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने मानव की प्रशंसा की है।

2 min read
Jun 07, 2026
IND vs AFG
भारत की तरफ से अपना डेब्यू टेस्ट खेल रहे बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने शानदार गेंदबाजी की (photo - IANS)

Manav Suthar, India vs Afghanistan, One-off Test: महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में भारत की स्थिति बेहद मजबूत है। भारत ने 8 विकेट पर 564 रन पर पारी घोषित करने के बाद गेंदबाजी में भी दमदार प्रदर्शन किया है और रविवार को दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 113 के स्कोर पर अफगानिस्तान के 5 विकेट गिराकर टेस्ट मैच में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।

सुनील गावस्कर ने मानव की प्रशंसा की

भारत की तरफ से अपना डेब्यू टेस्ट खेल रहे बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने शानदार गेंदबाजी की है और 3 विकेट झटके हैं। पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने मानव की प्रशंसा की है। गावस्कर ने जियो हॉटस्टार पर कहा, "मानव सुथार ने निश्चित रूप से अपने टेस्ट करियर की शानदार शुरुआत की है। उनका सिर्फ गेंदबाजी ही नहीं, बल्कि बल्लेबाजी के दौरान दिखाया गया आत्मविश्वास भी काफी प्रभावशाली था, खासकर जिस तरह से उन्होंने अपने पैरों का इस्तेमाल किया और क्रीज पर सहज दिखे।"

पिच से उन्हें थोड़ी मदद भी मिली

उन्होंने कहा, "गेंदबाजी में वे बेहद सटीक रहे और लगातार बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। पिच से उन्हें थोड़ी मदद भी मिली जिसका उन्होंने अच्छा फायदा उठाया, लेकिन किसी भी स्पिनर के लिए असली परीक्षा सपाट पिचों पर होती है जहां ज्यादा विविधता और परिस्थितियों के अनुसार ढलने की क्षमता की जरूरत होती है।"

लंबे फॉर्मेट में एक मजबूत विकल्प बन सकते हैं

भारत के पूर्व कप्तान का मानना ​​है कि सुथार ने काफी उम्मीदें जगाई हैं और वे लंबे फॉर्मेट में एक मजबूत विकल्प बन सकते हैं। गावस्कर ने कहा, "यह एक बहुत ही उत्साहजनक डेब्यू है, और उन्होंने टेस्ट स्तर पर आगे चलकर एक मजबूत दावेदार बनने के गुण दिखाए हैं।"

मानव सुथार ने बल्लेबाजी के दौरान 41 गेंदों पर 28 रन बनाए थे। इसके बाद, गेंदबाजी करते हुए, वह 15.5 ओवर में 7 मेडन फेंकते हुए मात्र 21 रन देकर 3 विकेट ले चुके हैं। सुथार ने अब्दुल मलिक, रहमानुल्लाह गुरबाज, और अफसर जजई का विकेट लिया।

Published on:
07 Jun 2026 09:15 pm