MS Dhoni retirement news: चेपॉक में एमएस धोनी ने खेल लिया अपना आखिरी मैच? सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से मिली हार के बाद भावुक हुए फैंस। जानिए सुरेश रैना से धोनी ने अपने रिटायरमेंट और शरीर को लेकर क्या कहा।
Suresh Raina on MS Dhoni: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम (एमए चिदंबरम स्टेडियम) में जो हुआ, उसने हर थाला फैन की धड़कनें बढ़ा दी हैं। आईपीएल 2026 में धोनी खेलेंगे या नहीं, इस सस्पेंस के बीच उनके सबसे पक्के यार सुरेश रैना ने एक ऐसा खुलासा कर दिया है, जिसे सुनकर फैंस के होश उड़ गए हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को अपने ही घर में एक भावुक कर देने वाली हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में फिटनेस दिक्कतों की वजह से धोनी प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। लेकिन जैसे ही पारी के ब्रेक के दौरान धोनी टीम फोटो के लिए मैदान पर आए, पूरा चेपॉक धोनी-धोनी… के नारों से गूंज उठा। मैच खत्म होने के बाद जब हैदराबाद ने 5 विकेट से जीत दर्ज कर प्लेऑफ का टिकट कटाया, तब धोनी ने फैंस का शुक्रिया अदा करने के लिए मैदान का चक्कर लगाया। कोई विदाई भाषण नहीं हुआ, बस धोनी चुपचाप बाउंड्री के पास चलते रहे और फैंस की तरफ हाथ हिलाते रहे।
ऐसा लग रहा था मानो फैंस उन्हें विदाई नहीं, बल्कि सालों के प्यार के लिए शुक्रिया कह रहे हों।
स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए सुरेश रैना ने धोनी से हुई अपनी सीक्रेट बातचीत का पर्दाफाश किया। रैना ने बताया, 'मैंने धोनी से कहा कि आपने IPL 2026 को तो मिस कॉल दे दिया है, यह काउंट नहीं होगा। आपको अगले साल वापस आना ही होगा।' इस पर धोनी ने मुस्कुराते हुए अपने दिल की बात कही, 'मेरा शरीर अब थोड़ा कमजोर हो गया है।'
लेकिन रैना भी कहां मानने वाले थे। उन्होंने धोनी से कहा, 'हम आपकी किसी बात पर यकीन नहीं कर रहे, आपको अगले साल खेलना ही पड़ेगा।' 44 साल की उम्र में धोनी की फिटनेस हमेशा चर्चा में रहती है, लेकिन रैना का मानना है कि धोनी अंदर से पॉजिटिव हैं और वो वापसी कर सकते हैं।
मैच की बात करें तो ईशान किशन की 70 रनों की पारी और पैट कमिंस की घातक गेंदबाजी (3/28) की बदौलत हैदराबाद ने 181 रनों का टारगेट आसानी से चेज कर लिया। इस हार के बाद अब CSK की प्लेऑफ की राह मुश्किल हो गई है।