क्रिकेट

दिनेश कार्तिक को लेकर पहली बार खुलकर बोले मुरली विजय, कहा – यह सुनने में थोड़ा अजीब लग सकता…

अपने भाषण में विजय ने कहा, “अब मुझे दिनेश कार्तिक के बारे में बात करनी है। यह सुनने में थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन मैं उन्हें बचपन से देखता आया हूं। वह तमिलनाडु के इतिहास के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं। वह बेहद गतिशील व्यक्तित्व के मालिक और मेरे बहुत अजीज दोस्त रहे हैं।”
2 min read
Jul 05, 2026
India vs Nepal Match Highlights
पूर्व भारतीय विकेट कीपर दिनेश कार्तिक (Photo-ANI)

Murali Vijay-Dinesh Karthik controversy: पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज मुरली विजय और पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। कभी करीबी दोस्त रहे दोनों खिलाड़ी आजकल एक-दूसरे से बात भी नहीं करते। लेकिन तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (TNCA) के वार्षिक दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुरली विजय ने मंच से दिनेश कार्तिक की जमकर तारीफ की।

मुरली विजय ने दिनेश कार्तिक की तारीफ की

मुरली विजय ने तमिलनाडु क्रिकेट के दिग्गजों और अपने करियर पर उनके प्रभाव के बारे में बात करते हुए मंच से सरेआम दिनेश कार्तिक की जमकर तारीफ की। अपने भाषण में विजय ने कहा, “अब मुझे दिनेश कार्तिक के बारे में बात करनी है। यह सुनने में थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन मैं उन्हें बचपन से देखता आया हूं। वह तमिलनाडु के इतिहास के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं। वह बेहद गतिशील व्यक्तित्व के मालिक और मेरे बहुत अजीज दोस्त रहे हैं।”

कार्तिक का धन्यवाद किया

विजय ने आगे कहा, 'मैंने नॉन-स्ट्राइकर एंड से कई बार उनकी बल्लेबाजी को करीब से देखा है। उनके जैसा खेलते हुए मैंने किसी और को नहीं देखा। वह शानदार क्रिकेटर हैं। उनके अनुभव और क्रिकेट की समझ ने मेरे करियर में काफी मदद की है और इसके लिए मैं मंच से उनका दिल से धन्यवाद करना चाहता हूं।'

कैसे शुरू हुआ विवाद

दोनों खिलाड़ियों के बीच विवाद साल 2010 के आसपास शुरू हुआ था। उस समय दोनों तमिलनाडु और भारतीय टीम के लिए साथ खेलते थे और करीबी दोस्त माने जाते थे। दिनेश कार्तिक की शादी उनकी बचपन की दोस्त निकिता वंजारा से हुई थी। लेकिन निकिता और मुरली विजय के बीच नजदीकियां बढ़ने के बाद कार्तिक और निकिता के रिश्ते में दरार आ गई। अंततः दोनों का तलाक हो गया और निकिता ने बाद में मुरली विजय से शादी कर ली।

दिनेश कार्तिक की वापसी

इस घटना के बाद दोनों पूर्व खिलाड़ियों के बीच दूरियां बढ़ गईं। हालांकि, दोनों ने कभी भी सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे के खिलाफ कोई बयान नहीं दिया। लेकिन इसके बाद दोनों खिलाड़ी कभी साथ नज़र नहीं आए। इसके बाद दिनेश कार्तिक का क्रिकेट करियर भी प्रभावित हुआ और वे टीम इंडिया से बाहर चले गए।

हालांकि बाद में कार्तिक ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार वापसी की। उन्होंने खुद को भारत के भरोसेमंद फिनिशर के रूप में स्थापित किया और कई यादगार पारियां खेलीं। कार्तिक ने भारतीय स्क्वैश स्टार दीपिका पल्लीकल से शादी की है और उनके दो जुड़वा बच्चे भी हैं।

Updated on:
05 Jul 2026 05:18 pm
Published on:
05 Jul 2026 05:17 pm