
Women's T20 World Cup 2026, Phoebe Litchfield injury: विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच ऑस्ट्रेलिया (AUS) को बड़ा झटका लगा है। टीम की युवा स्टार बल्लेबाज फीबी लिचफील्ड जांघ की मांसपेशी में चोट (Thigh Muscle Strain/Injury) के कारण अगले तीन मुकाबलों से बाहर हो गई हैं। 23 वर्षीय बल्लेबाज टूर्नामेंट में अच्छी लय में नजर आ रही थीं, लेकिन अब उनकी चोट ने ऑस्ट्रेलियाई टीम की चिंता बढ़ा दी है।
लिचफील्ड को यह चोट दक्षिण अफ्रीका (SA) के खिलाफ पिछले मुकाबले के दौरान लगी थी। उस मैच में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 24 गेंदों में 50 रन बनाए थे। उनकी पारी में 10 चौके शामिल रहे थे। हालांकि बल्लेबाजी के दौरान उन्हें परेशानी महसूस हुई और बाद में जांच में क्वाड इंजरी (Quadriceps Strain) की पुष्टि हुई।
चोट के कारण लिचफील्ड बुधवार को लीड्स के हेडिंग्ले मैदान में बांग्लादेश के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में नहीं उतरीं। माना जा रहा है कि वह 20 जून को नीदरलैंड (NED) और 23 जून को पाकिस्तान (PAK) के खिलाफ होने वाले मैच भी नहीं खेल पाएंगी। हालांकि ऑस्ट्रेलियाई टीम को उम्मीद है कि वह 28 जून को लॉर्ड्स में भारत के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले तक फिट होकर वापसी कर सकती हैं। यह मैच टूर्नामेंट के सबसे बड़े मुकाबलों में माना जा रहा है।
लिचफील्ड के लिए यह चोट नई नहीं है। वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले भी उन्हें इसी पैर में परेशानी थी, जिसके चलते वह कार्डिफ में खेले गए दोनों अभ्यास मैचों में हिस्सा नहीं ले सकी थीं। ऑस्ट्रेलिया की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं। अनुभवी ऑलराउंडर एशले गार्डनर भी पैर में मोच के कारण बांग्लादेश (BAN) के खिलाफ मुकाबले में नहीं खेल रही हैं। दक्षिण अफ्रीका को 65 रन से हराकर टूर्नामेंट की शुरुआत करने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम फिलहाल ग्रुप-ए में शीर्ष पर है। उसका नेट रन रेट +3.250 है। वहीं बांग्लादेश ने अपने पहले मैच में नीदरलैंड को छह विकेट से हराया था और टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है।