
नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में गेंद से छेड़खानी के विवाद में फंसे ऑस्ट्रेलिआई कप्तान स्टीवन स्मिथ पर उनकी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की टीम राजस्थान रॉयल्स ने बयान जारी कर कहा है कि उसे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के निर्देश का इंतजार है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने स्मिथ को तीसरे टेस्ट मैच में कप्तानी से हटाकर टिम पेन को बचे हुए मैच की कप्तानी का कार्यभार सौंपा है।
BCCI के निर्देश का इंतजार करेगी राजस्थान की टीम
स्टीवन स्मिथ आईपीएल में दो साल बाद वापसी कर रही राजस्थान रॉयल्स टीम के कप्तान हैं। फ्रेंचाइजी ने एक बयान जारी कर कहा है कि वह स्मिथ पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के निर्देश का इंतजार करेगी। फ्रेंचाइजी के कार्यकारी चेयरमैन रंजीत बर्ठाकुर ने एक बयान में कहा है, "हमें ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में गेंद से छेड़छाड़ विवाद के बारे में पता चला है। हम इस मामले में कुछ भी फैसला लेने से पहले बीसीसीआई के निर्देश का इंतजार कर रहे हैं।" उन्होंने आगे यह भी कहा, "हम इस तरह के किसी भी कदम को बर्दाश्त नहीं करेंगे जिससे खेल भावना को नुकसान पहुंचे। इस मामले में हमारी जीरो टोलेंरेंस पॉलिसी हर किसी के लिए समान है।"
स्मिथ की जगह रहाणे को मिल सकती है कप्तानी
स्पॉट फिक्सिंग के आरोपों के बाद दो साल बाद आईपीएल में वापसी कर रही राजस्थान रॉयल्स ने स्मिथ को लीग के 11वें संस्करण के लिए अपनी टीम का कप्तान नियुक्त किया था। राजस्थान रॉयल्स की टीम अजिंक्य रहाणे को टीम का कप्तान चुन सकती है। स्मिथ ने गलती को कबूला है ऐसे में उनके ऊपर ठोस कार्यवाही होना निश्चित है। आईपीएल से पहले कोई भी टीम अपनी छवि के साथ खिलवाड़ नहीं करना चाहेगी। राजस्थान की टीम इस बार पेपर पर बहुत मजबूत दिख रही है। उन्होंने बेन स्टोक्स को 12.5 करोड़ वहीं भारतीय तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट को 11 करोड़ में खरीदा है।