क्रिकेट

साफ मैसेज था जाओ और मारो… गुजरात टाइटंस को रौंदने के बाद विराट कोहली का बड़ा बयान

Virat Kohli: गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत के हीरो रहे विराट कोहली ने कहा कि जब हम बल्‍लेबाजी के लिए क्रीज पर उतरे तो हमारे लिए साफ मैसेज था कि जाओ और मारो। मेरे और देवदत्त पडिक्कल की साझेदारी इस मुकाबले में अहम साबित हुई।
2 min read
Apr 25, 2026
Virat Kohli record in IPL final
विराट कोहली। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/IPL)

Virat Kohli: आईपीएल 2026 के 34वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से रौंद दिया। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में आरसीबी को मिली इस जीत के हीरो विराट कोहली रहे, जिन्‍होंने एक बार फिर रन चेज में महज 44 गेंदों पर 8 चौके और 4 छक्‍कों की बदौलत 81 रनों की शानदार पारी खेली। मैच जीतने के बाद कोहली ने कहा कि हमारे लिए साफ मैसेज था कि जाओ और मारो। मेरे और देवदत्त पडिक्कल की साझेदारी इस मुकाबले में अहम साबित हुई।

देवदत्‍त की जमकर तारीफ की

कोहली ने कहा कि हमें शुरू में विकेट का अंदाजा लगाना था, क्योंकि उनके पास एक बेहतरीन बॉलिंग अटैक है और दूसरी बात यह कि बेंगलुरु में 200 रन चेज करते हुए हमें बस एक अच्छी पार्टनरशिप की जरूरत है। इसलिए मेरे और बेथेल के बीच यही बात हुई थी कि पहले कुछ ओवरों में यह समझने की कोशिश करें कि क्या हो रहा है और फिर वहां से गेम को आगे बढ़ाएं। देव ने इस सीजन में दो बार ऐसा किया है, जब वह आए हैं और पहली ही गेंद से जबरदस्त बैटिंग की है।

उनके पास गेम की समझ और काबिलियत

रबाडा की पहली गेंद पर उन्होंने जो शॉट मारा था, वह शानदार था। उनके पास गेम की समझ और काबिलियत है, खासकर हमारे यहां के हालात में कि वह अच्छे क्रिकेटिंग शॉट्स खेल सकें और विरोधी टीम को मुश्किल में डाल सकें। उनका स्ट्राइक रेट 200 से ज्‍यादा रहता है, जो बहुत कम देखने को मिलता है। आप उन्हें कभी भी गेंद को जोर-जोर से मारते हुए नहीं देखेंगे।

मैं बस गेम में बने रहने की कोशिश कर रहा था

फिर भी वह इतनी आसानी से रन बना रहे हैं। इसलिए मुझे लगता है कि पहले हाफ में देव की पारी ही सबसे बड़ा फर्क थी। फिर मैं बस गेम में बने रहने की कोशिश कर रहा था, ताकि देव पर सारा दबाव न आ जाए। और सही समय पर बाउंड्री लगाना मेरी जिम्मेदारी थी। वह पार्टनरशिप ही हमारे लिए गेम को पक्का करने वाली और गेम का रुख बदलने वाली साबित हुई।

आखिर में वे शायद 20-25 रन कम बना पाए

कोहली ने आगे कहा कि हमने बहुत अच्छी बॉलिंग की और चीजों को अपने कंट्रोल में ले आए। आखिर में वे शायद 20-25 रन कम बना पाए। एक समय तो ऐसा लग रहा था कि वे 230-235 रन तक पहुंच जाएंगे। लेकिन, हमारे बॉलर्स ने शानदार काम किया और हमें यही बताया गया कि पिच बिल्कुल भी खराब नहीं है। शायद अब तक के सभी मैचों में बैटिंग के लिए यह सबसे अच्छी पिच थी। गेंद बल्ले पर बहुत अच्छे से आ रही थी।

साफ मैसेज था कि जाओ और मारो

स्पिनर्स को गेंद में ज्‍यादा ग्रिप नहीं मिल रही थी। गेंद पिच में फंस नहीं रही थी। इसलिए हमें लगा कि अगर हम गेम में बने रहें और एक बड़ी पार्टनरशिप कर लें, तो विरोधी टीम के लिए चीजें और भी मुश्किल होती जाएंगी। बस यही बातचीत हुई थी। हमारे लिए बहुत साफ मैसेज था कि जाओ और मारो। तो हमारे इरादे साफ थे। दूसरे छोर से लगातार फीडबैक भी मिल रहा था। इसलिए इस पार्टनरशिप के दौरान हमें जरा भी शक नहीं हुआ। इसी चीज ने हमारे लिए काम किया।

Updated on:
25 Apr 2026 07:57 am
Published on:
25 Apr 2026 07:57 am