क्रिकेट

IPL 2026: संजू सैमसन ने तोड़ डाले ढेरों रिकॉर्ड, 40 मैचों के बाद पहली बार CSK vs MI मैच में हुआ ऐसा

संजू मुंबई इंडियंस के खिलाफ शतक लगाने वाले चेन्नई सुपर किंग्स के पहले बल्लेबाज बन गए। वहीं एक आईपीएल सीजन में दो शतक लगाने वाले संजू सीएसके के तीसरे बल्लेबाज हैं।

2 min read
Apr 24, 2026
संजू सैमसन ने आईपीएल करियर में पांचवां शतक लगाया है (Photo - IPL)

Mumbai Indians vs Chennai Super Kings, IPL 2025: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 54 गेंदों में 6 छक्कों और 10 चौकों के साथ 101 रन की नाबाद पारी खेली। यह आईपीएल 2026 में उनका दूसरा शतक रहा, जिसके साथ संजू टी20 फॉर्मेट में सर्वाधिक शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।

संजू सैमसन ने आईपीएल करियर में पांचवां शतक लगाया है, जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दाएं हाथ के इस बल्लेबाज के नाम पर 3 शतक दर्ज हैं। कुल 8 शतकों के साथ संजू अब रोहित शर्मा की बराबरी पर पहुंच गए हैं। दोनों खिलाड़ियों ने टी20 क्रिकेट में 8-8 शतक लगाए हैं। इस लिस्ट में विराट कोहली और अभिषेक शर्मा संयुक्त रूप से 'नंबर-1' हैं। इन खिलाड़ियों के नाम टी20 क्रिकेट में 9-9 शतक हैं।

ये भी पढ़ें

जेमी ओवरटन और तिलक वर्मा की भिड़ंत, सूर्यकुमार भी बीच में कूदे, अंपायर ने कराया बीच-बचाव, अब BCCI ले सकता है ये एक्‍शन

आईपीएल में सर्वाधिक शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में संजू सैमसन संयुक्त रूप से चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। उनके अलावा, केएल राहुल भी 5 आईपीएल शतक लगा चुके हैं। इस लिस्ट में भी विराट कोहली शीर्ष पर हैं, जिन्होंने आईपीएल में 8 शतक लगाए, जबकि जोस बटलर 7 शतकों के साथ इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर हैं। आईपीएल करियर में 6 शतक लगाने वाले क्रिस गेल इस सूची में तीसरे पायदान पर मौजूद हैं।

पहली बार MI के खिलाफ CSK के खिलाड़ी ने शतक लगाया

मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच अबतक 41 मैच खेले जा चुके हैं और यह पहली बार है जब चेन्नई के किसी बल्लेबाज ने मुंबई के खिलाफ शतक लगाया है। इसी के साथ संजू मुंबई इंडियंस के खिलाफ शतक लगाने वाले चेन्नई सुपर किंग्स के पहले बल्लेबाज बन गए। वहीं एक आईपीएल सीजन में दो शतक लगाने वाले संजू सीएसके के तीसरे बल्लेबाज हैं। संजू के अलावा, शेन वॉटसन, मुरली विजय और ऋतुराज गायकवाड़ ने एक ही आईपीएल सीजन में 2-2 शतक लगाए हैं। सैमसन साल 2018 में वॉटसन के बाद सीएसके के लिए एक ही सीजन में दो शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं।

सैमसन के शतक से CSK मजबूत

गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवरों के खेल में 6 विकेट खोकर 207 रन बनाए। संजू सैमसन ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ पहले विकेट के लिए 32 रन की साझेदारी की। गायकवाड़ 14 गेंदों में 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

संजू छोटी-छोटी साझेदारी करते रहे। इस बीच कार्तिक शर्मा (18) के साथ पांचवें विकेट के लिए 35 गेंदों में 43 रन जोड़े। संजू को शतक पूरा करने के लिए अंतिम ओवर में 15 रन की दरकार थी। कृष भगत के इस ओवर की पहली और चौथी गेंद पर छक्का लगाने के बाद संजू ने अंतिम गेंद पर चौका लगाकर अपना शतक पूरा किया। जवाब में मुंबई इंडियंस 19 ओवरों में महज 104 रन पर सिमट गई। इस तरह चेन्नई ने यह मैच 103 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया। यह चेन्नई की आईपीएल इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी जीत थी।

ये भी पढ़ें

CSK vs MI: उसके बाद हम वापसी नहीं कर पाए… चेन्‍नई से हार के बाद भड़के कप्तान पंड्या, जानें किसके सिर फोड़ा ठीकरा
Updated on:
24 Apr 2026 11:00 am
Published on:
24 Apr 2026 10:59 am
Also Read
View All