
Sanju Samson replacement for Rishabh Pant in ODI: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान ऋषभ पंत के लिए मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। IPL 2026 में पंत का बल्ला एकदम खामोश है। उन्होंने 8 मैचों में सिर्फ 189 रन बनाए हैं। अब खबर आ रही है कि खराब फॉर्म की वजह से उन्हें भारतीय वनडे (ODI) टीम से बाहर किया जा सकता है। एक मीडिया रिपोर्ट की मानें तो चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर और कोच गौतम गंभीर अब 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए कोर टीम तैयार कर रहे हैं। इस प्लानिंग में ऋषभ पंत फिट नहीं बैठ रहे हैं। उनकी जगह संजू सैमसन को वनडे टीम में वापस लाने की तैयारी है। केएल राहुल टीम के पहली पसंद के विकेटकीपर बने रहेंगे, जबकि संजू बैकअप की भूमिका निभाएंगे।
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की ओर से खेल रहे संजू सैमसन इस समय अपने करियर की बेस्ट फॉर्म में हैं। इस सीजन वो अब तक दो शतक जड़ चुके हैं और 8 मैचों में उनका औसत 50 से ऊपर का है। संजू ने 2023 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपने आखिरी वनडे मैच में शानदार शतक लगाया था, लेकिन उसके बाद उन्हें मौके नहीं मिले। अब उनके शानदार स्ट्राइक रेट (169.83) और वर्ल्ड कप जिताने वाले अनुभव को देखते हुए उनकी वापसी लगभग तय है।
ऋषभ पंत (IPL 2026): 8 मैच, 189 रन, औसत 27, स्ट्राइक रेट 126.85।
संजू सैमसन (IPL 2026): 8 मैच, 304 रन, औसत 50.67, स्ट्राइक रेट 169.83 (2 शतक)।
ऋषभ पंत का वनडे औसत 33.5 का है, वहीं संजू सैमसन का औसत 56.67 का है। आंकड़ों के इस बड़े अंतर ने सिलेक्टर्स को सोचने पर मजबूर कर दिया है। भारत को 14 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज खेलनी है, और माना जा रहा है कि यहीं से संजू की एंट्री और पंत की एग्जिट शुरू हो जाएगी।
पंत के वनडे करियर पर नज़र डाली जाये तो उन्होंने अबतक अपने वनडे करियर में कुछ खास नहीं किया है और सैमसन की तुलना में उनके आंकड़े भी बेहद खराब हैं। पंत ने 2018 में वनडे डेब्यू किया था, तब से अबतक पंत 31 मैच खेल चुके हैं और उनके बल्ले से 900 रन भी नहीं आए हैं। पंत ने 27 पारियों में 33.5 की मामूली औसत से 871 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से मात्र एक शतक और 5 अर्धशतक निकले हैं।
वहीं सैमसन को अब तक 16 मैच खेलने का मौका मिला है। इसकी 14 पारियों में 56.67 की शानदार औसत से उन्होंने 510 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतक लगाए हैं। दिसंबर 2023 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पार्ल में खेले गए अपने आखिरी वनडे में उन्होंने शानदार शतक जड़ा था, जिससे उनका जबरदस्त फॉर्म साबित होता है। बोलेंड पार्क में खेले गए इस मैच में सैमसन ने 114 गेंद पर 108 रनों की पारी खेली थी।