क्रिकेट

IND-W vs NED-W: भारत ने नीदरलैंड को दिया 210 रनों का विशाल लक्ष्य, शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने जड़े अर्धशतक

भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 209 रन बनाए हैं। शेफाली वर्मा ने 38 गेंद पर 55 और स्मृति मंधाना ने 47 गेंद पर 74 रनों की पारी खेली।

2 min read
Jun 17, 2026
IND vs NED
भारतीय सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा और उपकप्तान स्मृति मंधाना (photo- BCCI Women/X)

India Women vs Netherlands Women, 10th Match, Group A, ICC Women's T20 World Cup 2026: महिला टी20 वर्ल्ड कप का 10वां मुकाबला भारत और नीदरलैंड के बीच खेला जा रहा है। लीड्स के हैडिंग्ले स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में भारत ने सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा और उपकप्तान स्मृति मंधाना के अर्धशतकों की मदद से नीदरलैंड के सामने 210 रनों का लक्ष्य रखा है।

शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की ताबड़तोड़ पारी

यह भारतीय महिला टीम का टी20 विश्व कप में किसी भी टीम के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर है। वहीं, यह महिला टी20 विश्व कप का किसी भी टीम के द्वारा बनाया गया तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। नीदरलैंड की कप्तान बेबेट डी लीडे ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। इसके जवाब में भारत ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर 209 रन बनाए।

जेमिमा रोड्रिगेज ने दिया स्मृति का साथ

शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की जोड़ी ने 70 गेंदों में 115 रन की साझेदारी की। शेफाली 38 गेंदों में 55 रन बनाकर आउट हुईं। उनकी इस पारी में 10 चौके शामिल रहे। इसके बाद मंधाना ने जेमिमा रोड्रिगेज के साथ मोर्चा संभाला। दोनों खिलाड़ियों ने दूसरे विकेट के लिए 26 गेंदों में 47 रन जुटाए।

मंधाना अर्धशतक बनाकर आउट हुई

भारत को 16वें ओवर की अंतिम गेंद पर स्मृति मंधाना के रूप में दूसरा झटका लगा। मंधाना 47 गेंदों में 1 छक्के और 11 चौकों के साथ 74 रन बनाकर आउट हुईं। अगली गेंद पर टीम ने रोड्रिगेज का विकेट भी गंवा दिया। इस खिलाड़ी ने 13 गेंदों में 2 चौकों के साथ 19 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। 17.1 ओवर में भारत को यास्तिका भाटिया (3) के रूप में चौथा झटका लगा।

भारतीय टीम 168 के स्कोर तक 4 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से ऋचा घोष (नाबाद 20) ने कप्तान हरमनप्रीत कौर (12) के साथ पांचवें विकेट के लिए 15 गेंदों में 31 रन की साझेदारी करते हुए भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। दीप्ति शर्मा (नाबाद 10) पारी की अंतिम दो गेंदें खेलने मैदान पर उतरीं, जिसमें एक छक्का और एक चौका लगाकर भारत को 209/5 के स्कोर तक पहुंचाया। नीदरलैंड की तरफ से कैरोलिन डी लैंग ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि आइरिस ज्विलिंग, हीथर सीगर्स और मर्थे वैन डेन राड ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

Updated on:
17 Jun 2026 09:00 pm
Published on:
17 Jun 2026 08:50 pm