क्रिकेट

SA vs NZ Highlights: न्यूजीलैंड से सेमीफाइनल में हार के बाद छलका बावुमा का दर्द, बोले- लक्ष्य औसत से कहीं ज्‍यादा था

SA vs NZ 2nd Semifinal Highlights: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में न्‍यूजीलैंड के हाथों मिली हार के बाद साउथ अफ्रीका टीम गमजदा नजर आई। टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद हताश हुए टीम के कप्‍तान टेम्‍बा बावुमा ने कहा कि लक्ष्‍य औसत से कही ज्‍यादा था।
2 min read
• •
Updated: 6 Mar 2025, 9:41 AM IST
Temba Bavuma
Temba Bavuma

South Africa vs New Zealand 2nd Semifinal Highlights: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को न्‍यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। ग्रुप स्‍टेज की टेबल टॉपर साउथ अफ्रीका भी इस बार खिताब की दावेदार नजर आ रही थी, लेकिन उसे एक मैच पहले ही टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा है। लाहौर में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मैच में न्‍यूजीलैंड ने पहले बल्‍लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 362 रन बना डाले। इसके जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम 9 विकेट पर 312 रन ही बना सकी और 50 रन के अंतर से हार गई। इस हार के बाद अफ्रीकी खिलाड़ी गम में डूबे नजर आए तो वहीं कप्‍तान टेम्‍बा बावुमा भी बेहद हताश दिखाई दिए।

'हम 350 के स्‍कोर का पीछा कर सकते थे'

चैंपियंस ट्रॉफी में अपना अभियान खत्‍म होने के बाद दक्षिण अफ्रीका के कप्‍तान टेम्‍बा बावुमा ने कहा कि मुझे लगता है कि लक्ष्य औसत से कहीं ज्‍यादा था। शायद अगर ये 350 होता तो हम स्कोर का पीछा कर सकते थे। हमने एक-दो अच्‍छी साझेदारियां की। टीम को मेरी या रासी की जरूरत थी, जो उनकी तरह दो बड़ी पारी खेल सकें।

कीवी खिलाडि़यों की तारीफ की

बावुमा ने कहा कि कीवी टीम ने वास्तव में हम पर शुरू से ही दबाव बना दिया। उन्‍होंने शुरुआत में ही ऑफ-साइड को भेद दिया और फिर बीच के ओवरों में शानदार खेल दिखाया। इसके लिए उन्हें बधाई, रचिन और विलियमसन के साथ मिचेल और फिलिप्स को भी श्रेय दिया जाना चाहिए।

'दुर्भाग्य से हम वह आधार तैयार नहीं कर पाए'

उन्‍होंने आगे कहा कि हम 125/1 पर थे और उस दौरान मैं और रासी बल्लेबाजी कर रहे थे। दुर्भाग्य से हम वह आधार तैयार नहीं कर पाए। मेरे और रासी के आउट होने के बाद हमने अंत में उनके लिए बहुत कुछ छोड़ दिया। हमें अधिक निर्णायक होना था, विपक्ष को वापसी करने और निर्दयी होने का अवसर नहीं देना था। हमें मैच में महत्वपूर्ण क्षणों का ध्यान रखना था।

Updated on:
6 Mar 2025, 9:41 AM IST
Published on: