क्रिकेट

T20 वर्ल्ड कप की मैच फिक्सिंग का गैंगस्टर से कनेक्शन? लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर कनाडा का कप्तान!

Lawrence Bishnoi Match Fixing: भारत में हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान न्यूजीलैंड बनाम कनाडा मैच में फिक्सिंग का साया। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने कनाडा के कप्तान दिलप्रीत बाजवा पर बनाया था दबाव? जानिए ICC की जांच में क्या खुलासे हुए।

2 min read
Apr 21, 2026
Lawrence Bishnoi Gang, T20 World Cup Match Fixing, Dilpreet Bajwa, NZ vs CAN Fix, Cricket Hindi News, Lawrence Bishnoi Cricket Connection, ICC Investigation.
लॉरेंस बिश्नोई और कनाडा के कप्तान दिलप्रीत बाजवा (Photo - IANS)

T20 World Cup Match Fixing Lawrence Bishnoi Gang: क्रिकेट की दुनिया से एक ऐसी खबर सामने आ रही है जिसने सबको चौंका दिया है। भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान न्यूजीलैंड और कनाडा के बीच हुए मैच पर फिक्सिंग के काले बादल छा रहे हैं। लेकिन सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आ रहा है।

ये है पूरा मामला

कनाडा के पब्लिक ब्रॉडकास्टर (CBC) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कनाडा टीम के कप्तान दिलप्रीत बाजवा का कनेक्शन जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नेटवर्क से हो सकता है। आरोप है कि बिश्नोई गैंग ने बाजवा को मैच फिक्स करने के लिए मजबूर किया या प्रभावित किया होगा।

रेस्टोरेंट में दी गई थी धमकी!

रिपोर्ट में एक फिल्मी कहानी जैसा खुलासा हुआ है। जुलाई 2025 में ब्रिटिश कोलंबिया के एक रेस्टोरेंट में कुछ क्रिकेटर्स डिनर कर रहे थे। वहां कथित तौर पर बिश्नोई गैंग के कुछ लोग पहुंचे। उन्होंने कनाडा के एक स्टार खिलाड़ी को धमकी दी कि अगर उन्होंने दिलप्रीत बाजवा और एक अन्य खिलाड़ी को नेशनल टीम में आगे बढ़ाने में मदद नहीं की, तो उनके और उनके परिवार के लिए अंजाम बुरा होगा।

NZ vs CAN मैच का वो 'विवादित' ओवर

ICC की जांच के घेरे में न्यूजीलैंड बनाम कनाडा मैच का वो 5वां ओवर है, जिसे खुद कप्तान दिलप्रीत बाजवा ने फेंका था। गौर करने वाली बात यह है कि बाजवा को वर्ल्ड कप से सिर्फ 3 हफ्ते पहले कप्तान बनाया गया था। उस ओवर में बाजवा ने एक नो-बॉल और एक वाइड फेंकी। उन्होंने पूरे ओवर में कुल 15 रन लुटाए। न्यूजीलैंड ने 174 रनों का टारगेट बड़ी आसानी से सिर्फ 15.1 ओवर में हासिल कर लिया।

कोच के खुलासे ने बढ़ाई मुश्किल

सिर्फ गैंग का कनेक्शन ही नहीं, कनाडा के पूर्व कोच खुर्रम चौहान का एक रिकॉर्डेड फोन कॉल भी जांच के दायरे में है। चौहान का दावा है कि बोर्ड के कुछ बड़े लोग उन पर खास खिलाड़ियों को टीम में चुनने का दबाव डाल रहे थे। उन्होंने सीधा आरोप लगाया है कि मैच फिक्स करने की कोशिशें की गई थीं।
फिलहाल, ICC की एंटी-करप्शन यूनिट ने इन सबूतों को अपने कब्जे में ले लिया है। हालांकि उन्होंने अभी इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन अगर ये आरोप सच साबित होते हैं, तो यह क्रिकेट जगत के लिए बहुत शर्मनाक बात होगी।