क्रिकेट

टी20 वर्ल्ड कप के बाद टीम इंडिया का न्यूजीलैंड दौरा हुआ स्थगित, जानिए क्या है वजह

IND vs NZ: न्यूजीलैंड दौरे पर टीम इंडिया को दो टेस्ट मैच और तीन टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने थे। इसमें टेस्ट सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा है।

2 min read

टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप के बाद नवंबर माह में न्यूजीलैंड दौरे पर जाना था। न्यूजीलैंड दौरे पर टीम इंडिया को दो टेस्ट मैच और तीन टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने थे। इसमें टेस्ट सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा है। अब टीम इंडिया का यह दौरा अगले साल तक के लिए रद्द हो गया है। रिपोर्ट के अनुसार, न्यूजीलैंड क्रिकेट ने इस दौरे को फिलहाल स्थगित कर दिया है। आईसीसी के फ्यूचर टूर प्रोग्राम के अनुसार, फिलहाल इस दौरे को स्थगित कर दिया गया है।

2022 के बाद ही टीम इंडिया का दौरा हो सकता है
कोरोना महामारी की वजह से न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड को इससे पहले कई सीरीज रद्द करनी पड़ी थी। ऐसे में कई टीमें न्यूजीलैंड दौरा के लिए कतार में खड़ी हैं, जिनकी सीरीज पहले रद्द हो गई थी। इसके अलावा अगले वर्ष न्यूजीलैंड की टीम बांग्लादेश, नीदरलैंड, साउथ अफ्रीका और वुमेंस वर्ल्ड कप की मेजबानी करने वाली है। ऐसे में टीम इंडिया का न्यूजीलैंड दौरा टी20 वर्ल्ड कप 2022 के बाद होने की संभावना है।

न्यूजीलैंड टीम का व्यस्त कार्यक्रम
वहीं न्यूजीलैंड की टीम का कार्यक्रम भी काफी व्यस्त है। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड के एक प्रवक्ता के अनुसार, कीवी खिलाड़ी खुद नवंबर के अंत से पहले घर नहीं लौटेंगे। न्यूजीलैंड की टीम फिलहाल पाकिस्तान में है। यहां कीवी टीम को सीमित ओवरों की सीरीज खेलनी है। इसके बाद कीवी टीम संयुक्त अरब अमीरात के लिए उड़ान भरेगी और टी20 वर्ल्ड कप के ठीक बाद भारत में आएंगे। साथ ही प्रवक्ता ने कहा कि भारत इस सीजन में दौरा नहीं करेगा और अगले साल नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में टी20 वर्ल्ड कप के बाद ही दोनों टीमों के बीच सीरीज हो सकेगी।

ऐसा है कीवी टीम का कार्यक्रम
टी20 वर्ल्ड कप के बाद न्यूजीलैंड की टीम भारत का दौरा करेगी। यहां कीवी टीम को दो मैचों की टेस्ट सीरीज और तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। इसके बाद कीवी टीम को बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट और तीन टी20 मैच खेलने हैं। बांग्लादेश दौरे के बाद न्यूजीलैंड को नीदरलैंड के खिलाफ तीन वनडे और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट और तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है।

Updated on:
16 Sept 2021 06:03 pm
Published on:
16 Sept 2021 06:01 pm
Also Read
View All