
धर्मशाला। भारत और दक्षिण अफ्रीका ( India vs South Africa ) के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का आगाज आज से होने जा रहा है। सीरीज का पहला मैच धर्मशाला स्टेडियम में खेला जाएगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे और टेस्ट सीरीज में हुए क्लीन स्वीप को भूलाकर भारतीय टीम नई शुरूआत करने उतरेगी।
टीम इंडिया में तीन धुरंधरों की हुई है वापसी
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया में तीन धुरंधर खिलाड़ियों की मैदान पर वापसी तय मानी जा रही है। कप्तान विराट कोहली एक बेहतरीन प्लेइंग इलेवन के साथ अगर उतरते हैं तो फिर इन तीनों खिलाड़ियों की जगह अंतिम एकादश में जरूर बनती है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम में शिखर धवन ( Shikhar dhawan ), हार्दिक पांड्या ( Hardik Pandya ) और भुवनेश्वर कुमार ( Bhuvneshwar Kumar ) की वापसी हुई है। ये तीनों ही खिलाड़ी चोट की वजह से अभी तक बाहर थे।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में भारतीय टीम का प्लेइंग इलेवन बिल्कुल बदला हुआ नजर आने वाला है। माना जा रहा है कि विराट कोहली प्लेइंग इलेवन में धवन, पांड्या और भुवनेश्वर तीनों खिलाड़ियों को मौका दे सकते हैं।
केएल राहुल के साथ ओपन करेंगे धवन
शिखर धवन को केएल राहुल के साथ ओपनिंग की जिम्मेदारी दी जा सकती है। बता दें कि इस सीरीज के लिए रोहित शर्मा को आराम दिया गया है, जिससे साफ है कि ओपनिंग की जिम्मेदारी तो राहुल-धवन पर ही होगी। ऐसे में पृथ्वी शॉ को इंतजार करना पड़ सकता है। केएल राहुल बल्लेबाजी के अलावा विकेटकीपिंग की भूमिका भी अदा करने नजर आएंगे।
हार्दिक पांड्या हैं इस वक्त जबरदरस्त फॉर्म में
टीम इंडिया में बतौर ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को तो खिलाया ही जाएगा, बल्कि उनके साथ हार्दिक पांड्या भी प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हो सकते हैं। आपको बता दें कि हार्दिक पांड्या इस वक्त जबरदस्त फॉर्म में हैं। पांड्या ने डीवाई पाटिल टी20 टूर्नामेंट में कई धुंआधार पारियां खेली हैं। उन्होंने दो शतक भी लगाए हैं।
भुवनेश्वर के अनुभव को मिल सकती है तरजीह
कप्तान विराट कोहली गेंदबाजी में ज्यादा बदलाव नहीं करना चाहेंगे, क्योंकि मोहदम्मद शमी को इस सीरीज के लिए आराम दिया गया है। ऐसे में अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को पेस अटैक में शामिल किया जा सकता है। भुवी के अलावा जसप्रीत बुमराह और युवा नवदीप सैनी प्लेइंग इलेवन में नजर आ सकते हैं।
भारत की संभावित टीम
केएल राहुल, शिखर धवन, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, नवदीप सैनी