क्रिकेट

6.50 करोड़ के तुषार देशपांडे जमकर लुटाते हैं रन, इस एक खिलाड़ी की वजह से लगातार हार रही राजस्थान रॉयल्स

पिछले दो सीजनों में राजस्थान रॉयल्स के लिए 16 मैच खेल चुके देशपांडे अब तक सिर्फ 13 विकेट ही ले पाए हैं। उनकी इकॉनमी 10 से ऊपर रही है। इस सीजन उनका प्रदर्शन और भी निराशाजनक रहा। उन्होंने छह मैचों की छह पारियों में 60.25 की खराब औसत से मात्र चार विकेट लिए हैं।
2 min read
May 10, 2026
IPL 2026
राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे (Photo - IPL)

Tushar Deshpande, Rajasthan Royals, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 52वां मुकाबला पहले सीजन की चैम्पियन राजस्थान रॉयल्स (RR) और गुजरात टाइटन्स (GT) के बीच खेला गया। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम (SMS) में खेले गए इस मैच में राजस्थान रॉयल्स को 77 रनों की करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। इस हार की बड़ी वजह टीम की खराब गेंदबाजी थी।

रॉयल्स के गेंदबाजों ने जमकर रन लुटाए

रॉयल्स के गेंदबाजों ने पूरे मैच में जमकर रन लुटाए, जिसके कारण गुजरात टाइटन्स ने आईपीएल इतिहास का अपना चौथा सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। गुजरात ने 20 ओवर में मात्र 4 विकेट गंवाकर 229 रन बनाए। यह लगातार तीसरी बार है जब राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजों ने अपने घरेलू मैदान पर 200 से अधिक रन खर्च किए हैं और तीनों ही मैचों में उन्हें हार मिली है। इनमें सबसे खराब प्रदर्शन तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे का रहा, जिन्हें राजस्थान रॉयल्स ने मेगा ऑक्शन में 6.50 करोड़ रुपये में खरीदा था।

देशपांडे का खराब प्रदर्शन

पिछले दो सीजनों में राजस्थान रॉयल्स के लिए 16 मैच खेल चुके देशपांडे अब तक सिर्फ 13 विकेट ही ले पाए हैं। उनकी इकॉनमी 10 से ऊपर रही है। इस सीजन उनका प्रदर्शन और भी निराशाजनक रहा। उन्होंने छह मैचों की छह पारियों में 60.25 की खराब औसत से मात्र चार विकेट लिए हैं। इस दौरान उनकी इकॉनमी 12.05 की रही है।

इस सीजन देशपांडे की जमकर कुटाई हुई

इस सीजन देशपांडे ने अब तक इस सीजन 120 गेंदें फेंकी और 241 रन लुटाए। शनिवार को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ भी उनकी जमकर कुटाई हुई। उन्होंने चार ओवर में बिना कोई विकेट लिए 52 रन दिए, जिसमें आखिरी ओवर में अकेले तीन छक्के खाते हुए 19 रन दिये। जो राजस्थान की टीम पर पर भारी पड़े।

राजस्थान रॉयल्स की यह इस सीजन अपने घर पर लगातार तीसरी हार है। इससे पहले खेले गए दोनों घरेलू मुकाबलों में भी देशपांडे ने जमकर रन लुटाये थे। दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ चार ओवर में 38 रन देकर एक विकेट लिया था। जबकि सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ बिना विकेट लिए 43 रन लुटाये थे। हैदराबाद में खेले गए मुक़ाबले में तो उनका और भी बुरा हाल था। उस मैच में एक विकेट लेकर 55 रन दिये थे।

देशपांडे ने आईपीएल 2025 में 10 मैचों में 37.77 की औसत से 9 विकेट झटके थे। इस सीजन उनकी इकॉनमी 10.62 की रही थी। ओवरऑल आईपीएल करियर पर नज़र डालें तो उन्होंने 52 मैचों में 33.16 की औसत से 55 विकेट झटके हैं। इस दौरान उनकी इकॉनमी 10.08 की रही है।

Published on:
10 May 2026 09:35 am