Vaibhav Sooryavanshi: पाकिस्तान के बड़बोले क्रिकेट एक्सपर्ट नौमान नियाज ने 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी पर अपने बैट में पावर पैदा करने के लिए AI चिप का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।
Vaibhav Sooryavanshi: जब सफलता आपके कदम चूमती है तो ज्यादातर लोग आपके साथ खड़े होते हैं, लेकिन कुछ लोग ऐसे भी होंगे, जो आपकी कामयाबी से जलेंगे और जान-बूझकर आपकी कमियां निकालेंगे। इन्हीं में से एक हैं पाकिस्तान के क्रिकेट एक्सपर्ट नौमान नियाज। नौमान को विवादित और बढ़ा-चढ़ाकर दिए गए बयानों के लिए जाना जाता है। अब उन्होंने भारत के सबसे तेजी से उभरते 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी पर निशाना साधा है। उनका आरोप है कि वैभव अपने बैट में पावर पैदा करने के लिए AI चिप का इस्तेमाल करता है।
नौमान ने शम्सहिट नामक एक शो में कहा कि जरा सोचिए। यह लड़का है क्या? इसके बैट की जांच करवाओ। जैसे वाडा डोप टेस्ट करता है, वैसे ही उसे किसी लैब में भेजो। शायद इसने अपने बैट में AI चिप लगाई है। यह तो अजब ही है। मुझे तो लगा कि यह थोड़ा धीमा खेल रहा था। इससे मुझे सोचने पर मजबूर होना पड़ा कि यह लड़का आखिर है क्या?
उन्होंने आगे कहा कि जब आप 18 साल के होते हैं, तो आपके शरीर में मांसपेशियां, बाइसेप्स और ट्राइसेप्स बनते हैं। यह तो अभी सिर्फ 16 (15 साल) का है। इसका जन्म तब हुआ था, जब विराट कोहली वर्ल्ड चैंपियन थे। इसके पास पावर गेम उतना नहीं है, जितनी इसकी तकनीक मजबूत है। यह कलाई का इस्तेमाल करने वाला खिलाड़ी है और अगर आप इसके खेलने का अंदाज देखें, तो इसने पूरे 360 डिग्री का इस्तेमाल किया है।
बता दें कि सिर्फ 15 साल की उम्र में वैभव ने दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया है और एक के बाद एक रिकॉर्ड बना रहे हैं। वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ़ आईपीएल का अब तक का सबसे तेज शतक (26 गेंदों में 78 रन) बनाने के बेहद करीब थे, लेकिन बस जरा से अंतर से चूक गए। लेकिन, इसका उनके इरादों पर कोई असर नहीं पड़ा। एसआरएच के खिलाफ पहले डक बनाने के बाद फिर शनिवार को उन्हीं गेंदबाजों के खिलाफ सिर्फ 37 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया।
वैभव सूर्यवंशी, श्रेयस अय्यर और अभिषेक शर्मा जैसे बड़े खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। उनके नाम इस सीजन में सबसे ज्यादा 32 छक्के हैं, उनके बाद दूसरे स्थान पर 28 छक्कों के साथ अभिषेक हैं। वहीं, ऑरेंज कैप की रेस में वह आठ मैचों में 357 रन बनाकर फिलहाल तीसरे स्थान पर हैं, जिसमें दो अर्धशतक और एक शतक शामिल है। पहले स्थान पर अभिषेक तो दूसरे पायदान पर राहुल, चौथे पर हेनरिक क्लासेन, पांचवें पर शुभमन गिल और छठे पर कोहली हैं।