
Vaibhav Sooryavanshi T20 record: वैभव सूर्यवंशी ने शनिवार रात जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के लिए गुजरात टाइटन्स के खिलाफ महज 16 गेंदों पर 36 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इस पारी में उन्होंने तीन छक्के लगाए, इन छक्कों के साथ वैभव ने टी20 क्रिकेट में 100 छक्कों का मील का पत्थर सबसे तेज गति से हासिल करने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने ये उपलब्धि महज सिर्फ 514 गेंदों में हासिल की है। दुनिया का कोई बल्लेबाज उनके आसपास नहीं है। इसके साथ ही सूर्यवंशी 15 साल और 43 दिन की उम्र में टी20 क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बन गए हैं।
15 वर्षीय वैभव ने इस मामले ऑस्ट्रिया के करणबीर सिंह का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 813 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी। इस लिस्ट में कीरोन पोलार्ड, रोमारियो शेफर्ड, सीकुगे प्रसन्ना और रहकीम कॉर्नवाल जैसे दिग्गज भी शामिल हैं, जिन्होंने 100 तक पहुंचने के लिए 800 से ज्यादा गेंदें खेली थीं। सूर्यवंशी ने मोहम्मद सिराज की पहली ही गेंद पर एक जोरदार सीधा छक्का लगाकर टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 100 छक्के पूरे किए। वैभव के नाम अब टी20 क्रिकेट में सिर्फ 19 मैचों में 102 छक्के हो गए हैं।
514 - वैभव सूर्यवंशी (भारत)
813 - करणबीर सिंह (ऑस्ट्रिया)
843 - कीरोन पोलार्ड (वेस्ट इंडीज़)
845 - रोमारियो शेफर्ड (वेस्ट इंडीज़)
850 - सीकुगे प्रसन्ना (श्रीलंका)
850 - रहकीम कॉर्नवाल (वेस्ट इंडीज़)
सूर्यवंशी ने एक बार फिर गुजरात टाइटन्स के खिलाफ महज 16 गेंदों पर 36 रन की निडर पारी खेली है। उन्होंने सिराज और कागिसो रबाडा के खिलाफ बगैर हिचकिचाहट अपने तूफानी अंदाज में तीन चौके और तीन छक्के जड़े। उन्होंने सिराज की गेंद को लॉन्ग-ऑन के ऊपर से बाउंड्री पारी भेज शुरुआत में ही इरादे ज़ाहिर कर दिए और फिर रबाडा के खिलाफ लगातार दो छक्के जड़े। एक गेंद जूते पर लगने से चोट के बाद भी सूर्यवंशी ने बिना किसी परेशानी के आक्रामक रुख जारी रखा। आखिर में जीत सिराज की हुई, जब 146.6 की रफ़्तार वाली एक तेज बाउंसर पर पुल शॉट मिस हो गया और उनकी रोमांचक पारी खत्म हुई।