
Vaibhav Sooryavanshi fight, Sri Lanka A vs India A, Tri Nation A Series: श्रीलंका-ए, इंडिया-ए और अफगानिस्तान-ए के बीच खेली जा रही ट्राई सीरीज में भारतीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का बल्ला अभी तक खामोश रहा है। इस सीरीज का चौथा मुकाबला इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच खेला गया। दांबुला के रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भी वैभव कुछ खास नहीं कर पाये और भारत को सुपर ओवर में हार का सामना करना पड़ा।
सुपर ओवर में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम मात्र 9 रन ही बना सकी और मैच हार गई। वैभव सुपर ओवर में भी फ्लॉप साबित हुए, जिसके बाद उनकी श्रीलंकाई खिलाड़ियों से कहासुनी हो गई।
दरअसल आखिरी गेंद पर भारत को 8 रन की जरूरत थी, लेकिन कुगाथास मथुलन की शानदार यॉर्कर पर वे शॉट ही नहीं खेल पाए। इसके तुरंत बाद मथुलन जश्न मनाने लगे और श्रीलंकाई खिलाड़ी उनके साथ जुड़ गए। तभी वैभव भड़क उठे और विरोधी खिलाड़ियों से भिड़ गए। उन्होंने श्रीलंकाई खिलाड़ियों के साथ धक्का-मुक्की भी की। यह पूरा वाकया सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मैच खत्म होने के बाद वैभव की श्रीलंकाई खिलाड़ियों के साथ तीखी बहस हुई। गुस्से में उन्होंने एक श्रीलंकाई खिलाड़ी को धक्का भी दे दिया। भले ही टीम के साथी उन्हें शांत करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वैभव लगातार खरी-खोटी सुनाते रहे। मामले को बढ़ता देख श्रीलंका के विकेटकीपर निरोशन डिकवेला आगे आए और वैभव को अलग किया। हैंडशेक के दौरान भी सूर्यवंशी नाराज नज़र आए, जिसके बाद उनके साथियों ने उन्हें पवेलियन की ओर भेजा।
इससे पहले निर्धारित ओवरों के बाद मैच टाई होने पर सुपर ओवर खेलने को लेकर विवाद हो गया था। अंपायर देर शाम और रोशनी की स्थिति को देखते हुए मैच रोकने के पक्ष में थे। कप्तान तिलक वर्मा ने अंपायरों से लंबी चर्चा की और सुपर ओवर कराने की मांग की। काफी बहस के बाद आखिरकार सुपर ओवर खेलने का फैसला लिया गया।