15 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IND-A vs SL-A: विपराज निगम के डबल ‘ब्लंडर’ की वजह से हारा भारत, श्रीलंका ने सुपर ओवर में जीता मैच

IND-A vs SL-A: इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच वनडे मुकाबला टाई हो गया। इसके बाद सुपर ओवर का फैसला हुआ, जिसमें श्रीलंका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच अपने नाम कर लिया।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Siddharth Rai

Jun 15, 2026

IND vs SL

इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच वनडे मुक़ाबला खेला गया (photo - BCCI)

Sri Lanka A vs India A, Tri Nation A Series: ट्राई सीरीज का चौथा मुक़ाबला इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच खेला गया। दांबुला के रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया यह मैच टाई हो गया, जिसके बाद सुपर ओवर खेला गया और श्रीलंका ने इस मैच को अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ श्रीलंका ने फ़ाइनल की दावेदारी मजबूत कर ली है।

श्रीलंका ने सुपर ओवर में ऐसे जीता मैच

सुपर ओवर में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी की। कप्तान सहान अराचिगे और अविष्का फर्नांडो क्रीज पर उतरे। भारत की तरफ से अर्शद खान ने गेंदबाजी की। श्रीलंकाई जोड़ी ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 16 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम लक्ष्य का पीछा करने उतरी, लेकिन सिर्फ 9 रन ही बना सकी और मैच हार गई। भारत के लिए सुर्यंश शेदगे और वैभव सूर्यवंशी बल्लेबाजी करने आए, जबकि श्रीलंका की ओर से कुगाथास मथुलन ने सुपर ओवर फेंका।

वैभव सूर्यवंशी का नहीं चला बल्ला

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारत-ए टीम 49.2 ओवरों में 265 रन पर सिमट गई। भारत को 29 के स्कोर पर वैभव सूर्यवंशी (21) के रूप में पहला झटका लगा, जिसके बाद टीम ने प्रभसिमरन सिंह (11) के रूप में दूसरा विकेट भी गंवा दिया। यहां से कप्तान तिलक वर्मा ने ऋतुराज गायकवाड़ (37) के साथ तीसरे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 91 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन तिलक वर्मा (23) के आउट होते ही विकेटों का पतझड़ लग गया।

सूर्यांश शेडगे ने पारी को संभाला

भारतीय टीम ने 143 के स्कोर तक अपने 7 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद विपराज निगम ने सूर्यांश शेडगे के साथ आठवें विकेट के लिए 90 गेंदों में 104 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया। विपराज 49 गेंदों में 51 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सूर्यांश ने 66 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 72 रन की पारी खेली। श्रीलंका-ए की तरफ से मोहम्मद शिराज और विजयकांत वियासकांत ने 3-3 विकेट हासिल किए। इनके अलावा, सहान अराच्चिगे, कुगाथास मथुलन और वानुजा सहान ने 1-1 विकेट निकाला।

विपराज निगम का ब्लंडर

इसके जवाब में श्रीलंका-ए 50 ओवरों में 9 विकेट खोकर 265 रन ही बना सकी। मेजबान टीम जब बल्लेबाजी के लिए उतरी, तो उसके खाते में पहले से ही 10 रन जोड़ दिए गए थे, क्योंकि भारतीय पारी के दौरान बल्लेबाज विपराज निगम के बार-बार प्रोटेक्टेड एरिया में दौड़ने की वजह से भारतीय टीम पर 5-5 रन की दो बार पेनाल्टी लगाई गई थी।

श्रीलंका को अविष्का फर्नांडो और निरोशन डिकवेला की सलामी जोड़ी ने मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 5 ओवरों में स्कोर 56 तक पहुंचा दिया। फर्नांडो 14 गेंदों में 5 चौकों के साथ 22 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद डिकवेला ने विशेन हलंबागे (17) के साथ 19 रन और सदीरा समरविक्रमा के साथ 37 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 112 रन तक पहुंचाया।

डिकवेला 33 गेंदों में 37 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद सदीरा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 113 गेंदों में 7 चौकों के साथ 93 रन की पारी खेली। श्रीलंका को अंतिम ओवर में जीत के लिए 5 रन की दरकार थी, लेकिन अरशद खान ने इस ओवर में सिर्फ 4 ही रन दिए और मैच 'सुपर ओवर' में पहुंचा। श्रीलंका की इस पारी में आयुष बडोनी ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि अरशद खान, निशांत संधु, विपराज निगम, अनुकूल रॉय और सूर्यांश शेडगे ने 1-1 विकेट निकाला।

बड़ी खबरें

View All

क्रिकेट

खेल

ट्रेंडिंग