
भारतीय युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (फोटो- IANS)
Vaibhav Sooryavanshi, Sri Lanka A vs India A, Tri Nation A Series: ट्राई सीरीज का चौथा मुक़ाबला इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच खेला गया। दांबुला के रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया यह मैच टाई हो गया, जिसके बाद सुपर ओवर का फैसला हुआ। सुपर ओवर में श्रीलंका-ए ने भारत-ए को हराकर मैच अपने नाम कर लिया। इस हार के साथ इंडिया-ए की फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है, जबकि श्रीलंका-ए ने अपनी दावेदारी को और मजबूत कर लिया है।
सुपर ओवर में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 रन बना दिए। जवाब में भारत की ओर से सूर्यंश शेदगे और वैभव सूर्यवंशी क्रीज पर उतरे। टीम इंडिया ने शुरुआती रणनीति में गलती करते हुए पहले शेदगे को स्ट्राइक पर भेजा, जो बाद में महंगा साबित हुआ।
श्रीलंका के तेज गेंदबाज कुगाथास मथुलन ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने पहले तीन गेंदों पर मात्र तीन रन दिए, पहली गेंद पर शेदगे ने दो रन लिए, दूसरी गेंद डॉट रही और तीसरी गेंद पर एक रन लेकर स्ट्राइक वैभव को सौंपी। अब वैभव को तीन गेंदों में 14 रन बनाने थे।
मथुलन लगातार घातक योर्कर फेंक रहे थे। वैभव चौथी गेंद पर दो रन लेने में सफल रहे, पांचवीं गेंद पर उन्होंने एक चौका जड़ा, लेकिन आखिरी गेंद पर कोई रन नहीं बना सके। इस तरह भारत सुपर ओवर में केवल 9 रन ही बना सका और मैच हार गया। आईपीएल में गेंदबाजों की जमकर धुनाई करने वाले वैभव सूर्यवंशी इस अहम मैच में उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारत-ए टीम 49.2 ओवरों में 265 रन पर सिमट गई। भारत को 29 के स्कोर पर वैभव सूर्यवंशी (21) के रूप में पहला झटका लगा, जिसके बाद टीम ने प्रभसिमरन सिंह (11) के रूप में दूसरा विकेट भी गंवा दिया। यहां से कप्तान तिलक वर्मा ने ऋतुराज गायकवाड़ (37) के साथ तीसरे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 91 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन तिलक वर्मा (23) के आउट होते ही विकेटों का पतझड़ लग गया।
भारतीय टीम ने 143 के स्कोर तक अपने 7 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद विपराज निगम ने सूर्यांश शेडगे के साथ आठवें विकेट के लिए 90 गेंदों में 104 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया। विपराज 49 गेंदों में 51 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सूर्यांश ने 66 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 72 रन की पारी खेली। श्रीलंका-ए की तरफ से मोहम्मद शिराज और विजयकांत वियासकांत ने 3-3 विकेट हासिल किए। इनके अलावा, सहान अराच्चिगे, कुगाथास मथुलन और वानुजा सहान ने 1-1 विकेट निकाला।
इसके जवाब में श्रीलंका-ए 50 ओवरों में 9 विकेट खोकर 265 रन ही बना सकी। मेजबान टीम जब बल्लेबाजी के लिए उतरी, तो उसके खाते में पहले से ही 10 रन जोड़ दिए गए थे, क्योंकि भारतीय पारी के दौरान बल्लेबाज विपराज निगम के बार-बार प्रोटेक्टेड एरिया में दौड़ने की वजह से भारतीय टीम पर 5-5 रन की दो बार पेनाल्टी लगाई गई थी।
श्रीलंका को अविष्का फर्नांडो और निरोशन डिकवेला की सलामी जोड़ी ने मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 5 ओवरों में स्कोर 56 तक पहुंचा दिया। फर्नांडो 14 गेंदों में 5 चौकों के साथ 22 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद डिकवेला ने विशेन हलंबागे (17) के साथ 19 रन और सदीरा समरविक्रमा के साथ 37 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 112 रन तक पहुंचाया।
डिकवेला 33 गेंदों में 37 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद सदीरा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 113 गेंदों में 7 चौकों के साथ 93 रन की पारी खेली। श्रीलंका को अंतिम ओवर में जीत के लिए 5 रन की दरकार थी, लेकिन अरशद खान ने इस ओवर में सिर्फ 4 ही रन दिए और मैच 'सुपर ओवर' में पहुंचा।
श्रीलंका की इस पारी में आयुष बडोनी ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि अरशद खान, निशांत संधु, विपराज निगम, अनुकूल रॉय और सूर्यांश शेडगे ने 1-1 विकेट निकाला।
Updated on:
15 Jun 2026 07:10 pm
Published on:
15 Jun 2026 06:59 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
