क्रिकेट

‘शार्क्स से सावधान रहें’, पहली ही गेंद पर जीरो पर आउट होने के बाद वैभव सूर्यवंशी को मिली कड़ी चेतावनी

Vaibhav Sooryavanshi gets warning from Simon Doull: वैभव सूर्यवंशी के सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शून्‍य पर आउट होने के बाद न्‍यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज साइमन डूल ने कड़ी चेतावनी दी है। उन्‍होंने वैभव को 'शार्क्स से दूर' रहने को कहा है, ताकि उनका करियर लंबा चल सके।

2 min read
Apr 14, 2026
Vaibhav Sooryavanshi (IANS)

Vaibhav Sooryavanshi gets warning: राजस्‍थान रॉयल्‍स के 15 वर्षीय विस्‍फोटक सलामी बल्‍लेबाज वैभव सूर्यवंशी आजकल हर तरफ सुर्खियों में बने हुए हैं। इसमें कोई हैरानी की बात नहीं है, क्‍योंकि ये युवा खिलाड़ी आईपीएल (IPL 2026) में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहा है। वैभव के आसपास बढ़ती लोकप्रियता के बीच उन्‍हें एक कड़ी चेतावनी दी गई है। दुनिया में मौजूद 'शार्क्स' (खतरनाक लोगों) के खिलाफ उन्‍हें सावधान रहने को कहा गया है। अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ अपनी तूफानी पारी के बाद से सूर्यवंशी ने कई एंडोर्समेंट साइन किए हैं और इसी बात को लेकर साइमन डूल बेहद चिंतित हैं।

न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज का मानना है कि सूर्यवंशी का काम संभालने वाले लोगों को ज्‍यादा पैसे कमाने की चिंता करने के बजाय इस युवा खिलाड़ी के हितों का ध्यान रखना चाहिए। डूल ने कहा कि राजस्थान रॉयल्स के इस बल्लेबाज की लोकप्रियता हर मिनट बढ़ रही है और इसलिए सूर्यवंशी और उसके आसपास मौजूद लोगों के बारे में चिंता करना जरूरी है।

ये भी पढ़ें

मैं इसको पहली ही गेंद पर आउट कर दूंगा’, प्रफुल्ल हिंगे ने मैच से पहले ही कर दिया था वैभव सूर्यवंशी का विकेट लेने का ऐलान

यह एक चेतावनी है- डूल

डूल ने क्रिकबज पर कहा कि यह एक चेतावनी है। वह पहले से ही एक तरह का सुपरस्टार बन चुका है। अगर सब कुछ ऐसे ही चलता रहा, तो हम सभी उम्मीद करते हैं कि वह एक सुपरस्टार बना रहेगा। खासकर व्हाइट-बॉल क्रिकेट में एक भारतीय सुपरस्टार। यह सब इस बात पर निर्भर करता है कि आप अपने आसपास किन लोगों को रखते हैं। हर मैनेजमेंट कंपनी उसके पीछे पड़ी होगी और उसके लिए डील्स ढूंढने की कोशिश कर रही होगी।

'बहुत से लोग सिर्फ अपने फायदे के बारे में सोचते हैं'

उन्होंने आगे कहा कि मैनेजमेंट कंपनियां और मैनेजमेंट से जुड़े लोग आपकी देखभाल करने के लिए होते हैं। उनमें से बहुत से लोग सिर्फ अपने फायदे के बारे में सोचते हैं। मैं इस युवा खिलाड़ी से कितना कमा सकता हूँ? मेरी कंपनी इस युवा खिलाड़ी से कितना कमा सकती है? दुनिया भर की मैनेजमेंट कंपनियों के साथ मेरी सबसे बड़ी दिक्कत यही है।

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आई पहली नाकामी

सूर्यवंशी आईपीएल 2026 सीजन में अब तक दो अर्धशतक लगा चुके हैं। वैभव वहीं से आगे बढ़ रहा है, जहां उसने पिछले सीजन को छोड़ा था, जब उसने इस टूर्नामेंट में किसी भारतीय द्वारा सबसे तेज शतक बनाया था। आईपीएल के मौजूदा सीजन में वैभव महज 15 गेंदों में दो अर्धशतक बना चुका है। उसकी पहली नाकामी सोमवार को आई, जब सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज प्रफुल्‍ल हिंगे ने उसे 'गोल्डन डक' पर आउट कर दिया।

'उसका करियर लंबा चलना चाहिए'

डूल ने आगे कहा कि युवा सलामी बल्लेबाज को अब सावधान रहने की जरूरत है और उसे ऐसे लोगों से घिरा रहना चाहिए जो सचमुच उसकी परवाह करते हैं और उसे आगे बढ़ते देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि आखिरकार, मैनेजमेंट कंपनियां सिर्फ अपने फायदे के बारे में सोचती हैं, अपने क्लाइंट्स के बारे में नहीं। इस समय उससे बहुत ज्‍यादा काम नहीं करवाना चाहिए। उसका करियर लंबा चलना चाहिए। अगर आप अच्छा प्रदर्शन करना बंद कर देते हैं, तो वे किसी दूसरे खिलाड़ी के पीछे भागने लगेंगे, क्योंकि मैनेजर यही करते हैं।

ये भी पढ़ें

प्रफुल्‍ल हिंगे और साकिब हुसैन की जोड़ी ने IPL में रचा इतिहास, एक ही मैच में बना डाले इतने सारे रिकॉर्ड
Published on:
14 Apr 2026 10:38 am
Also Read
View All