क्रिकेट

ICC Ranking: शुभमन गिल बने वनडे में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज, टी20 में वैभव सूर्यवंशी ने लगाई लंबी छलांग

वैभव 536 रेटिंग पॉइंट्स के साथ अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 48वीं रैंकिंग पर पहुंच गए हैं। वनडे फॉर्मेट में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल से नंबर एक की कुर्सी को भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने ले लिया है।
2 min read
Jul 29, 2026
Vaibhav Sooryavanshi records, Sachin Tendulkar youngest POTM,
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी जिम्बाब्वे दौरे पर 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुने गए। (Photo - IANS)

Vaibhav Sooryavanshi, ICC Ranking: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार को ताजा रैंकिंग जारी कर दी है। भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल एक बार फिर वनडे में दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज बन गए हैं। वहीं 15 साल के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को टी20 रैंकिंग में जबरदस्त फायदा पहुंचा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करते ही वैभव छा गए हैं।

वैभव ने लगाई 230 स्थानों की छलांग

हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में भारत की 3-0 की जीत के बाद वैभव ने ताजा अंतरराष्ट्रीय टी20 रैंकिंग में 230 पायदान की छलांग लगाई है। 15 वर्षीय वैभव टॉप 50 रैंकिंग में शामिल हो गए हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मुकाबलों में वैभव ने 50.33 की औसत से खेलते हुए 151 रन बनाए थे और उन्हे 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया था। वैभव 536 रेटिंग पॉइंट्स के साथ अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 48वीं रैंकिंग पर पहुंच गए हैं।

ईशान किशन नंबर 1 टी20 बल्लेबाज

ईशान किशन क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज बने हुए हैं। ईशान के 910 रेटिंग प्वाइंट्स हैं। तिलक वर्मा ने दो पायदान की छलांग लगाई है और वह छठे नंबर पर पहुंच गए हैं, जबकि श्रेयस अय्यर सात स्थान ऊपर चढ़कर 24वें स्थान पर आ गए हैं। लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को भी बड़ा फायदा हुआ है। जिम्बाब्वे सीरीज में 3 विकेट लेने के साथ ही वह टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में 31 स्थान की छलांग लगाकर 41वें नंबर पर आ गए हैं।

रयान बर्ल को भी हुआ फायदा

सीरीज गंवाने के बावजूद जिम्बाब्वे के कई खिलाड़ियों को भी ताजा रैंकिंग में फायदा पहुंचा है। रयान बर्ल अंतरराष्ट्रीय टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में छह स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 85वें स्थान पर आ गए, जबकि तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजराबानी गेंदबाजी रैंकिंग में 10 स्थान ऊपर चढ़कर 26वें स्थान पर पहुंच गए।

डेरिल मिचेल को पछाड़कर गिल नंबर 1

वनडे फॉर्मेट में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल से नंबर एक की कुर्सी को भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने ले लिया है। मिचेल जनवरी से दुनिया के नंबर एक वनडे बल्लेबाज बने हुए थे। हालांकि, मिचेल के हाल में इंटरनेशनल मैचों में न खेलने की वजह से भारतीय ओपनर फिर से टॉप पर आ गया है।

वनडे बॉलिंग रैंकिंग में भी बदलाव देखने को मिला। नामीबिया के बाएं हाथ के स्पिनर बर्नार्ड शोल्ट्ज ने लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हुए टॉप सात में जगह बनाई। उन्होंने यूट्रेक्ट में नेपाल और नीदरलैंड के साथ हुई आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 ट्राई-सीरीज में शानदार खेल दिखाया।

Updated on:
29 Jul 2026 03:24 pm
Published on:
29 Jul 2026 03:23 pm