
Vaibhav Sooryavanshi IPL Records: आईपीएल 2026 के 62वें मुकाबले में 17 मई को राजस्थान रॉयल्स (RR) की भिड़ंत दिल्ली कैपिटल्स (DC) से हुई। अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली ने करो या मरो के मैच में पांच विकेट से जीत दर्ज की। वहीं, इस हार के बाद राजस्थान के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं। भले ही इस मैच में रॉयल्स को हार का सामना करना पड़ा है, लेकिन एक बार फिर 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने खूब सुर्खियां बटौरी हैं। इस मुकाबले में वैभव ने 21 गेंदों पर 46 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से तीन छक्के आए और उन्होंने अभिषेक शर्मा का दो साल पुराना एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया।
आईपीएल 2026 में यूथ सेंसेशन वैभव सूर्यवंशी ने अपना रिकॉर्ड तोड़ने का सिलसिला जारी रखा है। वह इस सीजन में दिल्ली के खिलाफ मैच से पहले 40 छक्के लगा चुके थे। कैपिटल्स के खिलाफ तीन छक्के लगाते ही वह आईपीएल के एक एडिशन में किसी भारतीय द्वारा सबसे ज्यादा छक्के लगाने की ऑल-टाइम लिस्ट में शीर्ष पर पहुंच गए। उन्होंने इस मामले में सनराइजर्स हैदराबाद के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा है। जब उन्होंने 2024 में 42 छक्के लगाए थे।
43* – वैभव सूर्यवंशी (राजस्थान रॉयल्स, 2026)
42 – अभिषेक शर्मा (सनराइजर्स हैदराबाद, 2024)
39 – श्रेयस अय्यर (पंजाब किंग्स, 2025)
38 – विराट कोहली (आरसीबी, 2016 और 2024)
38 – सूर्यकुमार यादव (मुंबई इंडियंस, 2025)
37 – ऋषभ पंत (दिल्ली डेयरडेविल्स, 2018)
क्या आप जानते हैं कि वैभव सूर्यवंशी आईपीएल के सबसे विस्फोटक बल्लेबाज हैं, उन्होंने एक आईपीएल सीजन में अब तक सबसे ज्यादा पावरप्ले छक्के (35*) लगाए हैं। वहीं, आईपीएल 2026 में अपने घरेलू मैदान पर जीत के प्रतिशत के मामले में दिल्ली 10 टीमों की टेबल में सबसे नीचे है, उसने अब तक सात मैचों में सिर्फ दो जीत हासिल की है।
राजस्थान रॉयल्स 12 में से 6 मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में अब छठे स्थान पर खिसक गई है। इस टीम ने पिछले 8 मुकाबलों में से 6 में हार का सामना किया है, जिससे यह डर पैदा हो गया है कि कहीं वे सीजन के दूसरे हाफ में लड़खड़ा न जाएं। रियान पराग की कप्तानी वाली यह टीम आईपीएल 2026 में लगातार चार मुकाबलों में अजेय रही थी, लेकिन इसके बाद खराब प्रदर्शन के साथ खुद को मुश्किल में डाल दिया। ऐसे में प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए अब उसके लिए जीत की लय में लौटना जरूरी है।