क्रिकेट

वैभव सूर्यवंशी बनाने की जिद्द या बच्चे पर अत्याचार? वायरल वीडियो देख कांप जाएगा दिल

Vaibhav Sooryavanshi effect: सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक छोटे बच्चे को जबरदस्ती नेट पर बड़े गेंदबाजों का सामना करने के लिए घसीटा जा रहा है। क्या यह वैभव सूर्यवंशी जैसा स्टार बनाने की तैयारी है या मासूमियत के साथ खिलवाड़? देखें वीडियो।
2 min read
May 14, 2026
viral video boy forced into nets vaibhav sooryavanshi effect social media debate वैभव सूर्यवंशी और एक बच्चे को जबरदस्ती हाथ पकड़कर नेट्स में ले जाया जा रहा है
वैभव सूर्यवंशी और एक बच्चे को जबरदस्ती हाथ पकड़कर नेट्स में ले जाया जा रहा है (Photo - IANS)

Vaibhav Sooryavanshi effect Viral Video: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में क्रिकेट के मैदान पर जब राजस्थान रॉयल्स (RR) की तरफ से 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अपने बल्ले से कोहराम मचाया है, हर कोई हैरान है। उनकी इस कामयाबी ने दुनिया भर में युवा क्रिकेटरों के लिए एक मिसाल तो पेश की है, लेकिन इसका एक डरावना पहलू भी सामने आने लगा है। सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर क्रिकेट प्रेमियों के बीच एक बड़ी बहस छिड़ गई है।

'मुझे चोट लग जाएगी'- बच्चे की चीख और पिता की जिद

वायरल वीडियो में एक छोटा बच्चा, जिसकी उम्र करीब 10-11 साल लग रही है, पूरी तरह क्रिकेट गियर और पैड्स में नजर आ रहा है। एक शख्स (जो शायद उसका कोच या पिता है) उसे जबरदस्ती हाथ पकड़कर नेट्स की तरफ घसीट रहा है। बच्चा बुरी तरह डरा हुआ है और साफ कह रहा है, 'नहीं, मुझे नहीं खेलना… मुझे चोट लग जाएगी।' लेकिन इसके बावजूद उसे बड़े और तेज गेंदबाजों का सामना करने के लिए नेट्स के अंदर धकेला जा रहा है।

वैभव सूर्यवंशी का साइड इफेक्ट!

वैभव सूर्यवंशी ने बहुत छोटी उम्र में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) जैसे बड़े मंच पर अपनी जगह बनाई है। अब हर माता-पिता अपने बच्चे में अगला सूर्यवंशी देख रहे हैं। लोगों का कहना है कि इसी दबाव में अब बच्चों को उनकी हिम्मत से ज्यादा चुनौतियों के सामने धकेला जा रहा है। इंटरनेट पर इस वीडियो को लेकर लोग दो हिस्सों में बंट गए हैं।

सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग

एक तरफ वे लोग हैं जो इसे सरासर गलत मान रहे हैं। उनका कहना है कि इतने छोटे बच्चे को बड़े और तेज गेंदबाजों के सामने डालना खतरनाक हो सकता है, खासकर तब जब बच्चा खुद डरा हुआ हो। यह न सिर्फ शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से भी उसे तोड़ सकता है। वहीं, दूसरी तरफ कुछ लोगों का मानना है कि चैंपियन बनने के लिए डर को भगाना जरूरी है। उनका तर्क है कि अगर वैभव आज दुनिया के सबसे तेज गेंदबाजों को खेल रहे हैं, तो उसके पीछे ऐसी ही कड़ी ट्रेनिंग रही होगी।