संतोष इस शॉट को थप्पड़ शॉट बोलते थे। धोनी ने जब अपने दोस्त को यह शॉट मारते हुए देखा था तो उन्होंने भी इसे सीखने की इच्छा जताई।
महेन्द्र सिंह धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट में टीम इंडिया को एक अलग पहचान दिलाई है। आज धोनी 40 वर्ष के हो गए हैं। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान धोनी ने रांची से अपने कॅरियर की शुरुआत की। धोनी ने क्रिकेट की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है, लेकिन आज भी वह अपने दोस्तों से दूर नहीं हुए हैं। जब भी उन्हें मौका मिलता है, वह अपने पुराने दोस्तों से जरूर मिलते हैं। धोनी का 'हेलीकॉप्टर शॉट' काफी पॉपुलर रहा है। फैंस सहित कई क्रिकेटर्स भी धोनी के 'हेलीकॉप्टर शॉट' के फैन हैं, लेकिन क्या आपको पता है उन्हें यह शॉट खेलना किसने सिखाया। धोनी को यह शॉट उनके बचपन के दोस्त ने सिखाया था।
फिल्म में भी है दोस्त का जिक्र
महेन्द्र सिंह धोनी के जीवन पर एक बायोपिक बनी थी, जिसका नाम 'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' है। इस फिल्म में उनके बचपन के दोस्त संतोष लाल का भी जिक्र है, जिसने धोनी को 'हेलीकॉप्टर शॉट' खेलना सिखाया। संतोष इस शॉट को थप्पड़ शॉट बोलते थे। धोनी ने जब अपने दोस्त को यह शॉट मारते हुए देखा था तो उन्होंने भी इसे सीखने की इच्छा जताई। इसके बाद संतोष ने धोनी को यह शॉट खेलना सिखाया।
दोस्त के लिए भेज दिया हेलीकॉप्टर
टीम इंडिया में जगह बनाने के बाद भी धोनी ने कभी अपने पुराने दोस्तों का साथ नहीं छोड़ा। धोनी के दोस्त संतोष लाल एक समय बीमारी से जूझ रहे थे। दरअसल, संतोष एक्यूट पैंक्रियाटिटीज से ग्रसित थे। धोनी ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की। यहां तक की बेहतर ईलाज के लिए दिल्ली भेजने के लिए धोनी ने एयर एंबुलेंस की भी व्यवस्था की। हालांकि धोनी उन्हें बचा नहीं सके।
संतोष भी थे बेहतरीन बल्लेबाज?
संतोष ने एक अंग्रेजी अखबार को दिए इंटरव्यू में बताया था कि वह और धोनी बचपन से ही अच्छे दोस्त थे। दोनों टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलते थे। यहां तक की धोनी और संतोष दोनों ने रेलवे में नौकरी भी की। धोनी की तरह संतोष भी एक बेहतरीन बल्लेबाज थे। धोनी ने हमेशा उनकी बल्लेबाजी शैली की प्रशंसा की। धोनी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में स्टार बनने के बाद भी संतोष उनके दोस्त बने रहे।