क्राइम

गुजरात: सबसे बड़ी बिटकॉइन लूट में एसपी की भूमिका संदिग्ध, CID ने हिरासत में लिया

गुजरात में हुई देश की सबसे बड़ी बिटकॉइन लूट केस में आरोपी पुलिसकर्मियों ने कहा है कि एसपी साहब ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए कहा था

2 min read
Apr 23, 2018
Bitcoin extortion

नई दिल्ली। देश के सबसे बड़े बिटकॉइन लूट मामले में गुजरात पुलिस की सीआईडी-क्राइम टीम ने लगभग सुलझा ली है। सीआईडी ने सोमवार के तड़के अमरेली जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) जगदीश पटेल को पूछताछ के लिए लेकर पहुंची लगभग 12 करोड़ रूपए कीमत वाली लगभग 200 आभासी मुद्रा बिटकॉइन के जबरन ट्रांसफर और लूट से जुड़े मामले की जांच कर रही टीम इस केस में तीन पुलिसकर्मियों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तारी कर चुकी है।

'एसपी ने कहा था- लूट लो बिटकॉइन'
सीआईडी क्राइम के पुलिस महानिदेशक आशीष भाटिया ने बताया कि इस मामले के मुख्य आरोपी अमरेली पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) के इंस्पेक्टर अनंत पटेल के इस बयान कि उसने एसपी के कहने पर ही यह अपराध किया था, उन्हें पूछताछ के लिए लाया गया है। अगर उनकी संलिप्तता दिखेगी तो उन्हें भी औपचारिक तौर पर गिरफ्तार किया जा सकता है। भाटिया ने यह भी बताया कि इस मामले में धारी के पूर्व विधायक नलिन कोटडिया का नाम अब तक सामने नहीं आया है।

पुलिसवालों पर लगा 32 करोड़ रूपए लूट का आरोप
गौरतलब है कि सूरत के बिल्डर शैलेश भट्ट ने आरोप लगाया था कि अनंत पटेल ने कई पुलिसकर्मियों के साथ मिल कर उन्हें गत 14 फरवरी को गांधीनगर से अगवा कर एक फार्म हाउस में रखा था और जबरन उनसे बिटकॉइन का ट्रांसफर करवा लिया। उन्होंने उनसे 32 करोड़ रूपये की जबरन वसूली का आरोप भी लगाया था। इस मामले में अनंत पटेल को 19 अप्रेल को पकड़ा गया था जबकि उससे पहले दो कांस्टेबल समेत तीन लोगों को पकड़ा गया था। अब तक इस मामले के 10 आरोपियों में से 4 को पकड़ा जा चुका है।

ये भी पढ़ें: कठुआ के बाद अब यहां हुआ मंदिर में नाबालिग से गैंगरेप, फिर दरिदों ने उठाया ऐसा कदम

बुलाने पर नहीं आए तो CID ने उठा लिया
एस पी जगदीश पटेल का नाम अब तक इसमें बतौर आरोपी शामिल नहीं है। इस बीच बताया जा रहा है कि मामले की जांच कर रही सीआईडी क्राइम ने कल अनंत पटेल के नडियाद स्थित आवास से दो मोबाइल फोन और कुछ अन्य सबूत इकट्ठे किए हैं। एसपी पटेल को दो दिन पहले ही पूछताछ के लिए बुलाया गया था पर जब वह नहीं आए तो कल देर रात सीआईडी क्राइम की टीम अमरेली के उनके आवास पर पहुंची ओर आज तड़के उन्हें यहां लाया गया। यहां सीआईडी-क्राइम मुख्यालय में हो रही पूछताछ के दौरान अनंत और गिरफ्तार किए गये तीन अन्य आरोपी भी मौजूद हैं।

मास्टरमाइंड अबतक पकड़ से बाहर
भट्ट ने आरोप लगाया था कि इस मामले में उनके पूर्व कारोबारी भागीदार का भी हाथ हैं। बताया जाता है कि सीआईडी क्राइम अब यह पता लगा रही है कि बिटकॉइन का हस्तांतरण किसके खाते में किया गया था और इस पूरी घटना के पीछे किसका हाथ था। इस मामले में भट्ट को भी उनका फिर से बयान देने के लिए बुलाया गया है।

Published on:
23 Apr 2018 01:30 pm