क्राइम

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा: ट्रक से टकराई बाइक, दो दोस्तों की मौके पर ही मौत

Delhi News: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भोजपुर के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ है। तेज रफ्तार ट्रक के अचानक ब्रेक लगाए जाने के कारण पीछे से आ रही बाइक उससे टकरा गई, जिससे फर्नीचर का काम करने वाले दो युवकों की जान चली गई।
2 min read
May 10, 2026
delhi meerut expressway accident
photo patrika

Delhi News: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर रविवार के दिन दो परिवारों के लिए मातम लेकर आया। भोजपुर थाना क्षेत्र इलाके में आने वाले पट्टी गांव के पास एक ट्रक और मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान दीपक और सागर के रूप में हुई है, जो आपस में दोस्त थे और साथ में ही काम करते थे। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

काम से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, 19 वर्षीय दीपक और 20 वर्षीय सागर निवासी सादिकपुरा, हापुड़ दोनों पेशे से फर्नीचर बनाने का काम करते थे। रविवार दोपहर को वे अपना काम निपटाकर वापस घर लौट रहे थे। मोटरसाइकिल सागर चला रहा था और उसने सुरक्षा के लिहाज से हेलमेट भी पहन रखा था, जबकि दीपक पीछे बैठा हुआ था। जैसे ही वे पट्टी गांव के पास पहुंचे, यह हादसा हो गया।

ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से बिगड़ा संतुलन

घटनास्थल पर मौजूद लोगों और शुरुआती जांच के अनुसार, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर दोनों युवकों की बाइक एक ट्रक के पीछे चल रही थी। तभी अचानक ट्रक चालक ने बिना किसी संकेत के ब्रेक लगा दिए। रफ्तार तेज होने के कारण सागर बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका और मोटरसाइकिल सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हेलमेट पहनने के बावजूद सागर और उसके दोस्त दीपक की मौके पर ही सांसे थम गईं।

फरार चालक की तलाश

हादसे की सूचना मिलते ही भोजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि आरोपी चालक ट्रक लेकर भाग गया, लेकिन एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। मृतकों के परिजनों ने इस मामले में पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Published on:
10 May 2026 07:01 pm