अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर दिवंगत डिएगो माराडोना की खोई हुई हैरिटेज घड़ी असम से बरामद हुई है। इस घड़ी के साथ असम पुलिस ने एक शख्स को भी गिरफ्तार किया है। असम पुलिस ने दुबई पुलिस की मदद से इस शातिर आरोपी का पता लगाया। इस मामले की जानकारी खुद मुख्यमत्री हिमंता बिस्वा ने ट्वीट कर दी।
नई दिल्ली। असम पुलिस (Assam Police) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दरअसल दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी डिएगो माराडोना ( Diego Maradona ) की हैरिटेज घड़ी खोज निकालने में पुलिस को कामयाबी मिल गई है। हालांकि इस घड़ी को ढूंढने में असम पुलिस ने दुबई पुलिस ( Dubai Police ) की भी मदद ली है। दुबई पुलिस की मदद से शातिर चोर अब गिरफ्तार किया जा चुका है। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि असम पुलिस को चोरी की लग्जरी घड़ी मिल गई है, जो हेरिटेज (Heritage) बताई जा रही है।
ये घड़ी दिवंगत फुटबॉलर डिएगो माराडोना (Diego Maradona Watch) की थी। बता दें कि माराडोना अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर थे, जिनका पिछले वर्ष 25 नवंबर को निधन हो गया था। माराडोना 60 वर्ष के थे।
डीजीपी ज्योति महंता ने दी जानकारी
असम पुलिस ने जिस शख्स से इस घड़ी के साथ गिरफ्तार किया है उसकी पहचान वाजिद हुसैन के तौर पर हुई है। इस गिरफ्तार के बाद असम पुलिस के DGP ज्योति महंता ने दुबई पुलिस के साथ हुए साझा मिशन में जानकारी दी।
महंता ने बताया कि महान फुटबॉलर डिएगो माराडोना की घड़ी को असम के चराईदेव जिले से बरामद किया गया है। महंता ने बताया कि हमने वाजिद हुसैन नाम के एक शख्स को मोरनहाट इलाके से धरा गया है। हुसैन के पास से दिवंगत फुटबॉलर डिएगो माराडोना की Hublot कंपनी की लिमिटेड एडिशन घड़ी भी बरामद की गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी वाजिद हुसैन दुबई में दिवंगत फुटबॉलर माराडोना के सामान का स्टोरेज करने वाली कंपनी में बतौर सुरक्षा गार्ड काम करता था। वहीं पर उसने मौका मिलते ही माराडोना की हुब्लोट घड़ी चुरा ली थी। इसके बाद वो सीधा असम आ गया था।
वाजिद हुसैन मूल रूप से अमस के शिवसागर का रहने वाला है। अगस्त 2021 में वो वापस भारत लौटा था।
सीएम ने भी ट्वीट कर दी जानकारी
असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने भी ट्वीट कर इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने लिखा- एक साझा इंटरनेशनल मिशन के तहत असम पुलिस और दुबई पुलिस ने दिग्गज फुटबॉलर डिएगो माराडोना की लिमिटेड एडिशन Hublot घड़ी को वाजिद हुसैन नाम के शख्स के पास से बरामद किया गया है। कानून के तहत वाजिद को सजा दी जाएगी।