
अंबिकापुर। सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो (Akanksha Toppo) को शहर के कलाकेंद्र मैदान के पास गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने व पीछा करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने भाजपा नेता धीरज सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। बता दें कि पुलिस द्वारा जब भाजपा नेता को अपने वाहन में बैठाकर कोतवाली ले जाया गया था तो वहां भाजपा नेताओं ने हंगामा किया था। उनकी सीएसपी राहुल बंसल के साथ तू-तू-मैं-मैं भी हुई थी। भाजपा नेताओं का कहना था कि धीरज सिंह कोई आतंकवादी थोड़ी न था कि पुलिस उसे अपने वाहन में बैठाकर ले आई। एफआईआर दर्ज हो जाने के बाद इसे लेकर शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। बता दें कि आकांक्षा टोप्पो व धीरज सिंह द्वारा सोशल मीडिया पर लगातार एक-दूसरे के खिलाफ पोस्ट किए जा रहे थे।
जशपुर जिले के ग्राम इचकेला निवासी आकांक्षा टोप्पो ने रविवार की दोपहर भाजपा नेता धीरज सिंह के खिलाफ गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने व पीछा करने की शिकायत कोतवाली में दर्ज कराई (FIR against BJP Leader) थी। उसने बताया कि वह वर्तमान में गांधीनगर निवासी शिवनारायण जायसवाल के किराए के मकान में रहकर सोशल मीडिया में काम करती है।
उसने बताया कि रविवार की दोपहर 12.30 बजे वह अपने कैमरामैन दिनेश के साथ कार में सवार होकर शहर के कलाकेंद्र मैदान के पिछले गेट के पास पहुंची थी। इस दौरान सामने से भाजपा नेता धीरज सिंह अपनी स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी 15 ईजी-8837 से वहां पहुंचा और कार की कांच नीचे करने कहा। जब कार चला रहे दिनेश ने कांच नीचे किया तो धीरज सिंह ने मुझे जातिगत गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी।
जब वह वहां से जाने लगी तो सामने से 3-4 लोगों ने कार को रोकने (Threat) का प्रयास किया। इसके बाद वह घड़ी चौक स्थित एक निजी होटल में घुस गई। यहां भी पीछा करते हुए धीरज सिंह पहुंच गया। इसके बाद उसने फोन से इसकी सूचना कोतवाली थाने में दी। बता दें कि सूचना पर पुलिस धीरज सिंह को थाने ले गई थी।
आकांक्षा टोप्पो की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने भाजपा नेता धीरज सिंह (BJP Leader Dhreej Singh) के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(1), 78(1) व एसटी/एससी एक्ट की धारा 3-1(आर-एस) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। भाजपा नेता पर एफआईआर को लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कोई कह रहा है कि सीएसपी से तू-तू-मैं-मैं होने के बाद यह एक्शन ले लिया गया।