अलवर

Khairthal News: पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तिरंगा बाजार में छापा, 625 किलो अवैध पटाखे जब्त

खैरथल-तिजारा में पुलिस ने मुख्य बाजार में छापेमारी कर करीब 625 किलो अवैध पटाखों का जखीरा जब्त किया है। इस कार्रवाई से पटाखा व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।
2 min read
Jun 12, 2026
illegal firecrackers
जब्त किए गए पटाखे (फोटो - पत्रिका)

खैरथल-तिजारा में पुलिस ने अवैध पटाखे का जखीरा पकड़ा है। खैरथल-तिजारा जिला बनने के बाद से ही अवैध गतिविधियों पर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। खैरथल-तिजारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) जया सिंह के निर्देशन और खैरथल थाना अधिकारी रामकिशन यादव के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर के बीचों-बीच भारी मात्रा में बिना लाइसेंस और सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर पटाखों का स्टॉक किया गया है। सूचना पुख्ता होते ही पुलिस टीम ने खैरथल के मुख्य बाजार में दबिश दी।

देर रात चली छापेमारी

पुलिस की टीम ने गुरुवार शाम को सबसे पहले मुख्य मार्केट के तिरंगा बाजार में स्थित एक पटाखा दुकान पर छापा मारा। यहां पटाखा व्यापारी इंद्र कुमार पुत्र लेखराज की दुकान से अवैध रूप से रखे गए पटाखे बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए मुख्य बाजार के ही सदर बाजार संचालक नवीन कुमार पुत्र लेखराज के ठिकानों पर छापेमारी की।

पुलिस टीम जब नवीन कुमार के आनंद नगर कॉलोनी स्थित दुकान के गोदाम पर पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई। यहां देर रात तक चली कार्रवाई में पुलिस ने छोटे-बड़े कुल मिलाकर करीब 625 किलो पटाखे जब्त किए।


विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज

थाना पुलिस ने मौके से पटाखों के इस भारी जखीरे को अपने कब्जे में ले लिया है और दुकानदारों से पटाखों से जुड़े जरूरी कागजात मांगे हैं। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि घनी आबादी वाले इलाके में पटाखों का इस तरह भंडारण करना नियमों का सीधा उल्लंघन है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद पटाखों के संबंध में विस्फोटक अधिनियम (Explosives Act) और अन्य जरूरी कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि इन पटाखों की बिक्री के लिए व्यापारियों के पास जरूरी फायर एनओसी और वैलिड लाइसेंस थे या नहीं।

कारोबारियों को चेतावनी

शहर के बीचों-बीच रिहायशी और व्यापारिक इलाके में इतने बड़े पैमाने पर पटाखों का स्टॉक मिलना किसी बड़े खतरे से कम नहीं था। खैरथल थाना पुलिस ने इस कार्रवाई के बाद कहा कि शहर की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध रूप से खतरनाक और विस्फोटक सामग्री का भंडारण या बिक्री करने वाले लोगों के खिलाफ आने वाले दिनों में भी इसी तरह का सख्त सर्च अभियान और कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Updated on:
12 Jun 2026 01:42 pm
Published on:
12 Jun 2026 01:42 pm