
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बच्चों के शव मिलने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कोलकाता में 14 बच्चों के कंकाल बरामद किए गए हैं। सभी कंकाल प्लास्टिक की थैलियों में लपेटे हुए थे। अभी इस मामले में पुलिस ने आधिकारिक तौर पर किसी पर संदेह जाहिर नहीं किया है, लेकिन सनसनीखेज मामला होने के चलते तेजी से जांच में जुट गई है।
अबॉर्शन रैकेट का हाथ होने का अंदेशा
एक रियल एस्टेट फर्म ने घटनास्थल वाले प्लॉट की सफाई के कुछ कर्मचारियों को नियुक्त किया था। सफाई के दौरान मजदूरों को बच्चों के शव मिले। एक समाचार एजेंसी ने कोलकाता पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से लिखा है कि इस मामले में आसपास के किसी अबॉर्शन रैकेट (गर्भपात कराने वाले लोग) का हाथ हो सकता है।
दक्षिण कोलकाता का है मामला
घटना दक्षिण कोलकाता स्थित हरीदेवपुर इलाके की है। मामले का खुलासा रविवार दोपहर बाद हुआ। कोलकाता पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शहर के महापौर सोवन चटर्जी और पुलिस कमिश्नर राजीव कुमार ने घटनास्थल पर जाकर जानकारी ली है।
...इनसे पूछताछ कर रही पुलिस
कोलकाता पुलिस ने घटनास्थल के आसपास स्थित अस्पतालों, छोटे-मोटे क्लीनिक और नर्सिंग होम्स में पूछताछ शुरू कर दी है। कलेक्टर निलांजन बिस्वास ने इस संबंध में बयान जारी करते हुए कहा, 'पोस्टमार्टम के बाद ही पूरी जानकारी सामने आएगी। हम जांच करेंगे। हम इलाके में मौजूद सीसीटीवी की फुटेज भी जांच रहे हैं। सोमवार को सुबह सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।'