Jharkhand News: खुद को हिंदू बता एक मुस्लिम अधेड़ गरीब नाबालिग से शादी करने पहुंच गया। लेकिन मंडप पर बैठने से पहले उसकी पहचान हो गई। फिर लोगों ने उसकी जमकर कुटाई की। मामला झारखंड के बोकारो शहर से सामने आया है। पहचान सामने आने पर अधेड़ दूल्हा मौके से भाग निकला। अब पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
Jharkhand News: उम्र 50 साल, नाम असलम खान... ठगी के मामले में जेल की सजा काट चुका ये शख्स खुद को हिंदू बता कर नाबालिग से शादी करने की फिराक में था। खुद को दूसरे जिले का पुलिस अधिकारी बता गरीब हिंदू परिवार का भरोसा जीतने के बाद असलम ने शादी के लिए साजिश रची थी। लेकिन वरमाला के बाद शादी के मंडप पर जाने से पहले उसकी पहचान खुल गई। जिसके बाद लोगों ने जमकर उसकी पिटाई की। फिर उसे पुलिस को सौंपने की तैयारी हो ही रही थी कि वो भाग खड़ा हुआ। मामला झारखंड के बोकारो शहर के सेक्टर-9 में हरला थाना क्षेत्र की कुम्हारटोली का है। आरोपी असलम खान धनबाद के वासेपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। उसकी उम्र लगभग 50 वर्ष है। अब पुलिस आरोपी असलम खान की तलाश के लिए छापेमारी कर रही है।
मामले में लड़की के पिता राजू कसेरा ने बताया है कि वह ठेले पर दुकान चलाकर किसी तरह परिवार का भरण पोषण कहता है। उसने अपनी बेटी की शादी के लिए एक लाख रुपए जमा किए थे। छह महीने पहले उसकी पत्नी एक साइबर ठग के झांसे में आ गई और उसके खाते से एक लाख रुपए निकल गए। इस झटके से उबरने के लिए उसकी पत्नी और बेटी लोन लेने के लिए बैंक गई थीं। वहीं उनका असलम से परिचय हुआ। उसने अपना नाम संजय कसेरा बताया और लोन दिलाने में मदद के नाम पर वह उनके घर आने लगा।
कुछ दिन के बाद वह पुलिस की वर्दी में उनके घर आने लगा। उसने बताया कि वह पुलिस अधिकारी है और लातेहार जिले में पोस्टेड है। फिर उसने उसकी बेटी के बेहतर भविष्य का वास्ता देकर उसे बरगलाया और तरह-तरह के दबाव-धमकी देकर शादी के लिए राजी करा लिया। राजू कसेरा के मुताबिक कमजोर माली हालत और दबाव-धमकी के चलते उसने बेटी की शादी करने पर हामी भर दी।
तय कार्यक्रम के अनुसार, शादी बीते बुधवार की रात होनी थी। वह कुछ लोगों के साथ आया। वरमाला की रस्म भी हो गई। इसी बीच शादी का पंडाल बनाने वाले मजदूर नेहाल ने उसे और घरवालों को बताया कि वह दूल्हे को पहचानता है। वह संजय कसेरा नहीं, असलम खान है। उसने यह भी बताया कि एक साल पहले वह एक मामले में जेल में था, तब असलम भी वहीं बंद था।
पोल खुलते ही शादी समारोह में हंगामा हो गया। इसकी जानकारी मिलने पर हिंदूवादी संगठन बजरंग दल के लोग भी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने उसकी जमकर लानत-मलामत की। कुछ लोगों ने उसकी पिटाई भी की, लेकिन पुलिस को सौंपे जाने के पहले ही वह स्कॉर्पियो पर बैठकर भाग खड़ा हुआ। उसके साथ आए लोग भी खिसक गए।
यह भी पढ़ें - झारखंड: छोटी बहन के सामने बड़ी बहन का गैंगरेप, बेहोश होने पर छोड़कर हुए फरार
हालांकि पुलिस ने मौके से असलम खान की एक ऑल्टो कार, उसके बैग से पुलिस की वर्दी और एक हथियार भी जब्त किए हैं। परिजनों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। बजरंग दल के जिला प्रमुख बजरंग पांडेय ने इसे लव जिहाद का मामला बताते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि असलम का क्रिमिनल रिकॉर्ड है। पिछले साल मई 2021 में चास थाने की पुलिस ने ठगी कर पैसे वसूलने के आरोप में गिरफ्तार जेल भेजा था। वह अन्य कई मामलों में चतरा, रांची और जामताड़ा की जेलों में भी बंद रहा है। यह भी जानकारी मिली है कि उसने पहले भी एक आदिवासी महिला को झांसा देकर उसके साथ शादी रचाई थी।
यह भी पढ़ें - झारखंड में दर्दनाक हादसा स्कूल में मिड डे मिल के गर्म टब में गिरने से दो बहनों की मौत