हिमचाल की राजधानी शिमला में बड़ा हादसा अंग्रेजों के जमाने बने होटल ग्रैंड में लगी आग दमकल की 7 गाड़ियों ने 3 घंटे में आग पर किया काबू
नई दिल्ली। देश के पहाड़ी इलाकों में शुमार हिमाचल प्रदेश का राजधानी से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां के होटल ग्रैंड में भीषण आग लगने से लाखों की संपत्ति का नुकसान हुआ है। जी हां अंग्रेजों के जमाने के इस होटल में हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है लेकिन होटल में ठहरे पर्यटकों में खासा दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों की माने तो दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पा लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक समय रहते सभी पर्यटकों और होटल स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दमकलकर्मियों की टीम ने आग पर भी काबू पा लिया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की सात गाड़ियां करीब तीन घंटे तक मशक्कत करती रही। खास बात यह है कि आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
होटल में चल रहा था मरम्मत का काम
मिली जानकारी के मुताबिक होटल में मरम्मत का काम चल रहा था। ऐसे में माना जा रहा है कि इसी वजह से कहीं चूक हुई होगी जिससे ये आग होटल में लगी है। फिलहाल पुलिस की टीम जांच में जुटी है। घटना करीब साढ़े 12 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही रात पौने एक बजे पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। तब तक आग काफी फैल चुकी थी। कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची, जिसके बाद आग को बुझाने का काम शुरू किया गया।
करीब 200 साल पुराना होटल
शिमला में अंग्रेजों के जमाने के बने इस ग्रैंड होटल को करीब 190 वर्ष हो गए हैं। इस निर्माण अंग्रेजों के वक्त में वर्ष 1829 में किया गया था। ऐसे में इसे देश के सबसे पुराने होटल में से एक माना जा सकता है। जिस क्षेत्र में ये होटल बना हुआ है उसे वीआईपी ब्लॉक के नाम से भी जाना जाता है। ये होटल केंद्र सरकार का अतिथि गृह भी है।