इन लड़कियों ने बताया कि शेल्टर हाउस में एक लड़की को की हत्या कर उसकी लाश को कूड़े के ढेर में फेंक दिया गया था।
नई दिल्ली। मुजफ्फरपुर शेल्टर होम रेप केस में एक के बाद एक बड़े खुलासे हो रहे हैं। एक मीडिया रिपोर्ट ने इस प्रकरण में एक और बड़ा खुलासा किया है। रिपोर्ट के अनुसार शेल्टर होम रही लड़कियों ने जब राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष दिलमणि मिश्रा को अपनी दास्तान बताई तो सब हैरान रह गए। इन लड़कियों ने बताया कि शेल्टर हाउस में एक लड़की को की हत्या कर उसकी लाश को कूड़े के ढेर में फेंक दिया गया था। आपको बता दें कि यह जानकारी मुजफ्फरपुर के शेल्टर होम से मोकामा के नजारत हॉस्पिटल शेल्टर होम में पहुंची लड़कियों ने खुद बताई।
एक लड़की ने महिला आयोग की अध्यक्ष को आपबीती सुनाते हुए बताया कि शेल्टर होम में एक लड़की से रेडियो टूट गई थी, जिसको लेकर एनजीओ के संचालक ब्रजेश ठाकुर काफी नाराज था। इसके चलते ब्रजेश ने चार लड़कियों को उस लड़की की हत्या करने के बाद खूब पैसा देने की बात कही। यही नहीं ब्रजेश के इशारे पर पर इन लड़कियों ने उस लड़की को मारने की योजना तक बना ड़ाली। आंखों देखी बताते हुए लड़की ने बताया कि इन चारों लड़कियों में से एक ने उसका गला दबाया और एक ने हाथ पकड़े जबकि दो उसको मार रही थीं। इन लड़कियों ने उसकी हत्या के बाद उसके शव को आलू के बारे में भर कर कचरे में फिंकवा दिया।
वहीं, एक साल पहले नेपाल बॉर्डर से शेल्टर होम पहुंची लड़की ने बताया कि काउंसिलिंग की बात कहकर उसको एक होटल ले जाया गया। होटल पहुंच कर उसको पानी पीने को दिया गया। इस बीच जब पानी उसके कपड़ों पर गिर गया तो उसको पोंछने के लिए एक रुमाल दिया गया। जैसे ही उसने रुमाल से अपना मुंह पोछना चाहा तो वह बेहोश हो गई। घंटों बाद जब उसकी बेहोशी टूटी तो उसने अपने आप को बिना कपड़ों के पाया। इस बारे में जब उसने ब्रजेश से पूछा तो उसने इन सब बातों की आदत डालने को कहा।