क्राइम

रेवाड़ी गैंगरेप केस की जांच के लिए एसआईटी का गठन, कोचिंग से लौटते समय की गई थी दरिंदगी

नूह जिले के पुलिस कप्तान नाजनीन भसीन की अध्यक्षता में गठित एसआईटी टीम 19 वर्षीय युवती के साथ हुई दरिंदगी की जांच करेगी।
2 min read
• •
Updated: 15 Sep 2018, 9:39 AM IST
Rewari gangrape case
रेवाड़ी गैंगरेप केस की जांच के लिए एसआईटी का गठन, कोचिंग से लौटते समय की गई थी दरिंदगी

नई दिल्ली। हरियाणा के रेवाड़ी गैंगरेप केस की जांच के लिए एसआईटी (विशेष जांच दल) का गठन किया गया है। नूह जिले के पुलिस कप्तान नाजनीन भसीन की अध्यक्षता में गठित एसआईटी टीम 19 वर्षीय युवती के साथ हुई दरिंदगी की जांच करेगी। राज्य के एडीजीपी आॅपरेशन एएस चावला ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। आपको बता दें कि घटना के आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इसको लेकर पीड़िता और उसके परिजनों में काफी रोष है। पीड़िता की मां ने शुक्रवार को पीएम मोदी से भी न्याय की गुहार लगाई थी। इस दौरान महिला ने पुलिस की ढुलमुल कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठाए थे।

सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप

आपको बता दें कि हरियाणा पुलिस ने 19 वर्षीय छात्रा द्वारा अपने साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाए जाने के बाद शुक्रवार को तीन युवकों की तलाश शुरू कर दी है। छात्रा का आरोप है कि महेंद्रगढ़ जिले में उसके साथ युवकों ने बुधवार को सामूहिक दुष्कर्म किया। उधर, पीड़ित के माता-पिता का आरोप है कि पुलिस मामले में कार्रवाई नहीं कर रही है और इसमें लापरवाही कर रही है। पीड़िता ने तीनों युवकों की पहचान बताई है।

तीनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया

पीड़ित कॉलेज में सेकेंड ईयर की छात्रा है। उसको राष्ट्रपति से पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है। आरोपी भी पीड़िता के गांव के रहने वाले हैं। आरोपियों ने कथित तौर पर पीड़िता को रेवाड़ी कस्बे में कोचिंग जाने के दौरान अपने वाहन में बुधवार को अगवा कर लिया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि युवकों ने उसे पीने के लिए पानी दिया, जिसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था। छात्रा का आरोप है कि तीनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में गांव के निकट बस स्टॉप के पास फेंक दिया।

Published on: