ओडिशा के जाजपुर जिले में 20 वर्षीय युवती को 4 लोगों ने 12 दिन तक बंधक बनाए रखा और उससे दुष्कर्म किया।
भुवनेश्वर। ओडिशा के जाजपुर जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां 20 वर्षीय युवती को 4 लोगों ने 12 दिन तक बंधक बनाए रखा और उससे दुष्कर्म किया। युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर यह आरोप लगाया है कि चार लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। पुलिस के मुताबिक जिले में कयाना गांव में रहने वाले एक आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया और 3 अन्य अब भी फरार हैं।
शादी का झांसा देकर बनाए संबंध
युवती ने अपनी शिकायत में कहा कि इन चार लोगों ने उसे 12 दिन तक भुवनेश्वर समेत अलग-अलग जगहों पर बंधक बनाए रखा, उसे नशीला पदार्थ दिया और उससे दुष्कर्म किया। बिनझरपुर पुलिस थाने के प्रभारी एस बी दास ने कहा कि महिला को कुछ माह पहले अपने ही इलाके के एक व्यक्ति से प्यार हो गया था। व्यक्ति ने उसे शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाए।
दास ने कहा कि व्यक्ति ने कथित तौर पर महिला को फोन करके 7 जून को जाजपुर में एक मंदिर में शादी करने के लिए कहा और उसे एक घर में ले गया और उससे बलात्कार किया। बाद में एक और व्यक्ति वहां आ गया और उसने भी महिला से दो दिन तक दुष्कर्म किया। इसके बाद दोनों व्यक्ति उसे भुवनेश्वर ले गए और उसे एक रिश्तेदार के घर में रखा जहां दो अन्य व्यक्ति वहां आ गए और उन्होंने महिला को नशीला पदार्थ देने के बाद उससे बलात्कार किया।
तीन आरोपी अब भी फरारा
पुलिस के मुताबिक 19 जून की शाम को किसी तरह युवती भागने में कामयाब रही और उसने फोन पर अपने माता-पिता को इसकी जानकारी दी। उसके परिवार के सदस्यों ने भुवनेश्वर में एक जगह से उसे बचाया और स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल पुलिस ने महिला का बयान दर्ज कर एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं।