
Damoh Samagra ID Error: सरकारी दस्तावेजों में दर्ज छोटी-सी गलती भी आम नागरिक के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। ऐसा ही मामला मध्यप्रदेश के दमोह जिले के तेंदूखेड़ा से सामने आया है। यहां एक आवेदक जगविंद उपाध्याय की समग्र आईडी में वर्तमान निवास के पते की जगह बहुत स्मार्ट लग रही हो टिप्पणी दर्ज दिखाई दे रही है। सरकारी रिकॉर्ड में इस तरह की टिप्पणी सामने आने के बाद नगर परिषद की कार्यप्रणाली और जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले से संबंधित समग्र परिवार कार्ड की तस्वीर में वर्तमान निवास वाले स्थान पर सामान्य पते के बजाय 'बहुत स्मार्ट लग रही हो' लिखा दिखाई देता है। कार्ड पर पंजीयनकर्ता के रूप में जितेंद्र केवट, नगर परिषद तेंदूखेड़ा का नाम भी दर्ज है। हालांकि, इस प्रविष्टि के पीछे की वास्तविक वजह और इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति की भूमिका जांच का विषय है।
समग्र आईडी का उपयोग विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं में किया जाता है। ऐसे में सवाल उठता है कि नागरिक के पते के स्थान पर इस तरह की टिप्पणी किस प्रक्रिया के तहत दर्ज हुई। यदि यह टाइपिंग या डेटा एंट्री की गलती है, तो रिकॉर्ड का सत्यापन करते समय इसे सुधारा क्यों नहीं गया? वहीं, यदि यह प्रविष्टि जानबूझकर की गई है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
समग्र परिवार कार्ड में गलत जानकारी दर्ज होने से आवेदक को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी में सुधार कराने के लिए उसे नगर परिषद कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। सरकारी रिकॉर्ड में त्रुटिपूर्ण जानकारी रहने से भविष्य में विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने या संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान भी परेशानी होने की आशंका बनी रहती है।