
AgriStack Registration: आगामी धान खरीदी को देखते हुए भोपालपटनम तहसील में एग्रीस्टेक और खसरा पंजीयन का काम तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। तहसील क्षेत्र में बड़ी संख्या में खातेदार और खसरे अभी पंजीयन से बाहर हैं। ऐसे में संबंधित किसानों और खातेदारों से समय रहते दोनों पंजीयन पूरे कराने की अपील की गई है, ताकि धान खरीदी के समय किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
तहसील भोपालपटनम में कुल 24,642 खातेदार दर्ज हैं। इनमें से अब तक 10,509 खातेदारों का एग्रीस्टेक पंजीयन पूरा हो चुका है। यह कुल खातेदारों का करीब 42.64 प्रतिशत है। वहीं अभी भी 14,133 खातेदारों का एग्रीस्टेक पंजीयन बाकी है। अधिकारियों के अनुसार एग्रीस्टेक पंजीयन किसानों के लिए महत्वपूर्ण है। पंजीयन नहीं होने की स्थिति में धान खरीदी समेत अन्य शासकीय योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने में दिक्कत आ सकती है।
एग्रीस्टेक के साथ ही तहसील में खसरा पंजीयन का काम भी चल रहा है। यहां कुल 34,064 खसरे दर्ज हैं, लेकिन अब तक केवल 7,533 खसरों का पंजीयन हो पाया है। यह कुल खसरों का करीब 22 प्रतिशत है। अभी 26,531 खसरों का पंजीयन किया जाना बाकी है।
खसरा पंजीयन नहीं होने का सीधा असर धान खरीदी पर पड़ सकता है। संबंधित खसरा किसान की आईडी में प्रदर्शित नहीं होने की स्थिति में उस खसरे से संबंधित धान की खरीदी में परेशानी आ सकती है। इसलिए तहसीलदार ने किसानों को अंतिम समय का इंतजार नहीं करने और समय रहते पंजीयन प्रक्रिया पूरी कराने कहा है।
प्रशासन की ओर से शेष एग्रीस्टेक और खसरा पंजीयन को जल्द पूरा कराने के लिए संबंधित अमले को निर्देशित किया गया है। खासकर ऐसे खातेदार और किसान, जिनका अभी तक पंजीयन नहीं हुआ है। धान खरीदी शुरू होने के बाद पंजीयन से जुड़ी कमी के कारण किसानों को खरीदी केंद्रों पर परेशानी न हो, इसके लिए अभी से प्रक्रिया पूरी करने पर जोर दिया जा रहा है।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपने एग्रीस्टेक और खसरा पंजीयन की स्थिति की जांच कर लें और यदि पंजीयन बाकी है तो उसे जल्द पूरा कराएं। इससे आगामी धान खरीदी सुचारु रूप से हो सकेगी और शासकीय सुविधाओं का लाभ लेने में भी अनावश्यक परेशानी नहीं आएगी।