
Darbhanga Boat Accident: बिहार के दरभंगा जिले के किरतपुर प्रखंड में कोसी नदी में बुधवार सुबह एक छोटी नाव संतुलन बिगड़ने की वजह से पलट गई। इस हादसे में नाव पर सवार 12 साल की एक मासूम बच्ची और दो महिलाओं समेत कुल 4 लोग नदी की तेज धार में लापता (डूब) हो गए हैं। अभी उनकी तलाश जारी है। वहीं, नाव पर सवार सात अन्य लोगों ने तैरकर और स्थानीय लोगों की मदद से अपनी जान बचा ली। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा बुधवार को बनरी ढलान और तरबारा स्पर के पास हुआ। कुबौल और तरबारा गांवों के 11 किसान और मजदूर रोज की तरह नदी पार कर अपने खेतों में काम करने के लिए जा रहे थे। जहां सभी को मूंग की फली तोड़ना था।
बताया जा रहा है कि नाव जैसे ही नदी के बीचों-बीच यानी मुख्य धारा में पहुंची, पानी के तेज बहाव के कारण नाव अचानक डगमगाने लगी। नाव छोटी थी और उस पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे। नदी की तेज और खतरनाक लहरों के सामने नाव पूरी तरह असंतुलित हो गई और जब तक उस पर सवार लोग खुद को संभाल पाते नाव पलट गई।
हादसे के बाद नाव पर सवार 7 लोगों ने हिम्मत दिखाई और तैरकर नदी किनारे आ गए। किनारे मौजूद कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने भी पानी में छलांग लगाई और डूब रहे लोगों को खींचकर बाहर निकाला। सुरक्षित बचाए गए सभी 7 लोगों को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही बिरौल के एसडीओ (SDO) शशांक राज और एसडीपीओ (SDPO) प्रभाकर तिवारी तुरंत दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। लापता लोगों की तलाश के लिए तुरंत राज्य आपदा रिस्पांस बल (SDRF) की टीम को मौके पर बुलाया गया। एसडीआरएफ के गोताखोर मोटर बोट की मदद से नदी की तेज धाराओं और गहरे पानी में लापता चारों लोगों की तलाश कर रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, लापता होने वालों में दो महिलाएं, एक पुरुष और एक 12 साल की बच्ची शामिल है। अभी तक डूबे हुए लोगों के शव बरामद नहीं हो सके हैं।