दोनों की एक साथ मौत , मां—बेटा मरकर भी जुदा नहीं हुए।
दतिया। मां—बेटे के प्यार भरे रिश्ते की इससे बड़ी भला और क्या मिसाल होगी! करंट लगने से मां को तड़पता देख महज दस साल का मासूम बेटा उसे बचाने के लिए दौड़ पड़ा। वह अपनी मां से लिपट गया पर खुद भी करंट की चपेट में आ गया। दोनों की एक साथ मौत हो गई, मां—बेटा मरकर भी जुदा नहीं हुए। बेटे ने आखिरी वक्त तक मां का साथ नहीं छोड़ा।
शहर में मंगलवार रात को एक दुखद हादसा हो गया। इस हादसे में मां—बेटे की मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के होमगार्ड कॉलोनी के पास घटी। मां—बेटे की दुखद मौत से इलाके में मातम पसर गया है।
पुलिस ने बताया कि इस हादसे में 35 वर्षीय सीमा पत्नी वीरेंद्र वंशकार व 10 वर्षीय राजा पुत्र वीरेंद्र वंशकार की मौत हुई है। दोनों की मौत करंट लगने से हुई। जानकारी के अनुसार निर्माणाधीन मकान के पिलर में अचानक करंट आ गया जिसमें चिपकने से मां बेटे की मौत हो गई।
घटनाक्रम के अनुसार मंगलवार की रात करीब 9 बजे सीमा अपने निर्माणाधीन मकान के पिलर के पास खड़ी थी। तभी लोहे के पिलर में अचानक करंट आ गया जिससे वे करंट की चपेट में आ गईं। मां को करंट लगता देख उनका दस साल का बेटा राजा उन्हें बचाने के लिए दौड़ पड़ा। वह भी करंट की चपेट में आ गया।
दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मां—बेटे को जिला अस्पताल भेजा। यहां डाक्टर्स ने मौत की पुष्टि की और मृतकों के शव को पीएम के लिए भेज दिया। मामले में पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।