
Dausa Road Accident: सिकंदरा (दौसा): जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे-21 पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। सिकंदरा थाना क्षेत्र में डाबर ढाणी के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे नेशनल हाईवे-21 पर डाबर ढाणी के पास हुआ। फर्रासपुरा गांव निवासी मोहर सिंह बैरवा (32) पुत्र भोलाराम बैरवा और सुरेश बैरवा (40) पुत्र हरसहाय बैरवा मोटरसाइकिल से सिकंदरा से महुआ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को घटना की सूचना दी। मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। अपनों को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक आपस में सगे चचेरे भाई थे। मोहर सिंह बैरवा की उम्र 32 वर्ष थी, जबकि सुरेश बैरवा 40 वर्ष के थे। दोनों शादीशुदा थे और अपने परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रहे थे। मोहर सिंह अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। वहीं, सुरेश बैरवा के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। अचानक हुए इस हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। फर्रासपुरा गांव में भी घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई। गांव के लोग मृतकों के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर फर्रासपुरा सरपंच रमाकांत शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने हादसे की जानकारी ली और अस्पताल में परिजनों से मुलाकात की। दोनों मृतकों के पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया भी सरपंच की मौजूदगी में पूरी की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित अस्पताल में मौजूद रहे। फिलहाल, पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दो चचेरे भाइयों की एक साथ मौत से फर्रासपुरा गांव में मातम पसरा हुआ है।