
दौसा। पापड़दा तहसील के आलूदा की चरावण्ड्या की ढाणी में 20 वर्षीय नवविवाहिता काजू उर्फ कोमल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद दौसा जिला अस्पताल में उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब पोस्टमार्टम से पहले शव को ले जाने को लेकर पीहर और ससुराल पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। हालांकि, पुलिस ने बीच बचाव कर मामला शांत करा दिया।
इस दौरान कुछ समय के लिए जिला अस्पताल में अफरा-तफरी का सा माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल में भारी पुलिस जाब्ता तैनात करना पड़ा। कोतवाली, सदर, पापड़दा और नांगल राजावतान थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस बल को भी अस्पताल बुलाया गया, जिससे स्थिति को कंट्रोल किया जा सका।
जानकारी के अनुसार पापड़दा तहसील क्षेत्र के आलूदा की चरावण्ड्या की ढाणी में गुरुवार को 20 वर्षीय नवविवाहिता काजू उर्फ कोमल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पापड़दा थाना प्रभारी कमलेश कुमार मीणा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। मृतका का पीहर रामगढ़ पचवारा क्षेत्र के नवरंगपुरा गांव में था। उसकी शादी इसी वर्ष 1 मई को आलूदा निवासी दिनेश मीणा (25) से हुई थी। विवाह के महज दो माह बाद हुई मौत से दोनों परिवारों में शोक फैल गया।
जब पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए शव को मोर्चरी में ले जाया जा रहा था, तभी दौसा जिला अस्पताल में पीहर व ससुराल पक्ष के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की हो गई। पीहर पक्ष के लोगों ने शव ले जाने का विरोध किया और पोस्टमार्टम से पहले शव अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। ऐसे में काफी देर तक अस्पताल में हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर लात-घूसे चलाए। सूचना मिलते ही मौके पर आए अतिरिक्त पुलिस बल ने मामला शांत कराया। समझाइश के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए, जिसके बाद शव को मोर्चरी में शिफ्ट किया गया। इस अवसर पर नांगल राजावतान डिप्टी एसपी शीशराम, पापड़दा थाना अधिकारी कमलेश कुमार मीणा व दौसा कोतवाल भगवान सहाय शर्मा मौजूद रहे।
पीहर पक्ष की रिपोर्ट पर पुलिस ने पति दिनेश मीणा, ससुर रणजीत, देवर मुकेश, सावलराम, सास तथा परिवार के एक अन्य सदस्य के खिलाफ दहेज प्रताड़ना एवं हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। कोतवाली थाना प्रभारी भगवानसहाय शर्मा तथा लवाण थाना प्रभारी जगननाथ जाट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले की जांच सीईओ शीशाराम मीणा को सौंपी गई है। जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा।