दौसा

दौसा में प्रधान की कुर्सी पर सियासी बवाल: कांग्रेस की बाड़ाबंदी में पहुंची पुलिस, जबरन रोकने का आरोप

दौसा में प्रधान पद की कुर्सी को लेकर कांग्रेस की खींचतान थाने तक पहुंच गई। बाड़ाबंदी में पुलिस पहुंचने पर सियासी बवाल मच गया। कांग्रेस सदस्य बाबूलाल मीणा के परिजनों ने जबरन रोकने की शिकायत दर्ज कराई।
less than 1 minute read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 6:21 PM IST
dausa pradhan row
पंचायत समिति सदस्य के परिजनों से पूछताछ करती पुलिस (पत्रिका फोटो)

Dausa Pradhan Election 2026: भांडारेज (दौसा): पंचायत समिति दौसा में प्रधान पद को लेकर कांग्रेस के भीतर चल रही खींचतान अब थाने तक पहुंच गई है। कांग्रेस सदस्यों की बाड़ाबंदी के बीच उस समय सियासी हलचल तेज हो गई, जब सदर थाना प्रभारी पुलिस जाप्ते के साथ बाड़ाबंदी स्थल पर पहुंच गए। पुलिस के पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई। इस घटनाक्रम के बाद जिले की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

कांग्रेस सदस्य के परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत

जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या 12 से निर्वाचित कांग्रेस सदस्य बाबूलाल मीणा के परिजनों ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि उन्हें जबरन बाड़ाबंदी में रखा गया है। परिजनों ने बाबूलाल मीणा से मुलाकात करवाने की मांग की। शिकायत में यह भी कहा गया कि उन्हें बाबूलाल मीणा से मिलने नहीं दिया जा रहा है।

शिकायत के बाद पुलिस जाप्ते के साथ पहुंचे थाना प्रभारी

परिजनों की शिकायत मिलने के बाद सदर थाना प्रभारी पुलिस जाप्ते के साथ बाड़ाबंदी स्थल पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी से कांग्रेस खेमे में नाराजगी देखने को मिली। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुलिस के इस कदम पर सवाल उठाते हुए आपत्ति जताई।

प्रधान पद के चुनाव से पहले बढ़ी सियासी हलचल

प्रधान पद के चुनाव से पहले बाड़ाबंदी, कांग्रेस सदस्य के परिजनों की शिकायत और पुलिस के मौके पर पहुंचने की घटना ने दौसा जिले की राजनीति को गरमा दिया है। घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर भी आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। वहीं, राजनीतिक गलियारों में इस पूरे मामले को लेकर चर्चाएं तेज हैं।