दौसा

Dausa Road Accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हृदयविदारक हादसा, ट्रक में फंसकर घिसटती गई कार, एक झटके में 4 जिंदगियां खत्म

दौसा जिले से होकर गुजरने वाले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर आलूदा क्षेत्र के पास भीषण सड़क हादसा हुआ। हरियाणा नंबर की अर्टिगा कार ट्रक से टकराकर उसमें फंस गई और कई किलोमीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
1 minute read
• •
Updated: 27 Jan 2026, 11:44 AM IST
Dausa Delhi-Mumbai Expressway road accident (Patrika Photo)

Dausa Delhi-Mumbai Expressway road accident: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर तेज रफ्तार जानलेवा साबित हुई। पापड़दा थाना क्षेत्र के आलूदा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई और करीब आठ किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।

यह दुर्घटना एक्सप्रेसवे के पिलर संख्या 193 के पास हुई। उज्जैन के महाकाल मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार तेज गति में थी। आगे चल रहे ट्रक का सही अंदाजा न लग पाने से कार पीछे से उसमें जा घुसी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रक में फंसकर कई मीटर तक घिसटती चली गई। वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस और स्थानीय लोगों को कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

हादसे में राहुल गुप्ता (35), पारस अग्रवाल (35), प्रिंस गुप्ता (35) और विक्रम सिंह (30) की मौके पर ही मौत हो गई। कार की पिछली सीट पर बैठे बृजमोहन गुप्ता को मामूली चोटें आईं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवक ने बताया कि प्रभु की कृपा से उसकी जान बच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पापड़दा थाना प्रभारी रजत खींची कांस्टेबल महेश कुमार गुर्जर और पुलिस टीम के साथ सबसे पहले मौके पर पहुंचे। उन्होंने करीब आठ किलोमीटर लंबे जाम को खुलवाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। बाद में नांगल थाना प्रभारी हुसैन अली, सीईओ दीपक कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने सभी शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। हादसे के चलते कुछ समय तक एक्सप्रेसवे पर आवागमन बाधित रहा। लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Updated on:
27 Jan 2026, 11:44 AM IST
Published on: