
बांदीकुई (दौसा): बांदीकुई थाना क्षेत्र के आभानेरी स्थित झांज्या का बास गांव में मंगलवार शाम एक 19 वर्षीय नवविवाहिता ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय मृतका घर पर अकेली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बांदीकुई के उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
थाने के हेड कांस्टेबल जमशेद ने बताया कि मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के ललितपुर निवासी कविता बैरवा (19) के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब तीन महीने पूर्व आभानेरी (झांज्या का बास) निवासी अभिषेक बैरवा के साथ हुई थी।
प्रारंभिक जांच और परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि अभिषेक और कविता गुरुग्राम की एक फैक्ट्री में साथ काम करते थे। वहीं दोनों के बीच जान-पहचान हुई, जो बाद में प्यार में बदली और तीन महीने पहले ही दोनों ने शादी कर ली थी। शादी के बाद कविता गांव में रह रही थी, जबकि उसका पति अभिषेक नौकरी के सिलसिले में गुरुग्राम में ही था।
घटना के समय मृतका के सास-ससुर मजदूरी करने गए हुए थे। मंगलवार शाम करीब 6 बजे जब ससुर मोहनलाल और सास काम से वापस लौटे, तो कविता को कमरे में फांसी के फंदे से लटका पाया। यह नजारा देख परिजनों में कोहराम मच गया और आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतका के उत्तर प्रदेश स्थित पीहर पक्ष और गुरुग्राम में रह रहे उसके पति को हादसे की सूचना दे दी है।
पुलिस के अनुसार, आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। परिजनों की मौजूदगी में बुधवार को शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। अब आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की सघन जांच कर रही है।