Dausa News: राजस्थान के दौसा जिले में 2022 से अब तक 414 लोगों की मौत सिलिकोसिस से हो चुकी है।
Dausa News: लाइलाज बीमारी सिलिकोसिस हर साल अनेक घरों के चिराग बुझा रही है। इसे जानकारी का अभाव कहें, जिम्मेदारों की लापरवाही या कुछ और। कारण जो भी रहे हों लेकिन यह बीमार किसी महिला से उसका पति छीन रही है तो किसी बहन से उसका भाई। छोटे बच्चे अनाथ हो रहे हैं।
यह बीमारी युवा, बुजुर्ग सभी को चपेट में ले रही है। पत्थर का कार्य करने वालों में यह बीमारी तेजी से फैल रही है। जिले में जब से ऑनलाइन नया पोर्टल बना है उसके अनुसार साल 2022 से जिले में अब तक 414 लोगों की मौत सिलिकोसिस से हो चुकी।
'राजस्थान पत्रिका' में लगातार समाचार प्रकाशित होने के बाद सांसद मुरारी लाल मीणा ने संसद में यह मामला उठाया। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मरीजों से मिलने दौसा के सरकारी अस्पताल में पहुंचे। अब केन्द्र की टीम सोमवार को दौसा पहुंची। यह टीम तीन दिन जिले में रहेगी।
सांसद मुरारी लाल मीणा ने बताया कि जब कोरोना का उपचार हो सकता है तो सिलिकोसिस का क्यों नहीं। मरीजों को बचाने के लिए जो भी होगा वह करेंगे। टीम में शामिल केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, जयपुर के अतिरिक्त निदेशक अजीत विद्यार्थी व केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भोपाल के अनूप चतुर्वेदी सोमवार को आए।
उन्होंने दौसा के अधिकारियों से जानकारी जुटाई। इस दौरान एडीएम अरविंद शर्मा व अन्य मौजूद रहे। टीम ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा भी किया। यह टीम सर्वे के बाद अपनी रिपोर्ट केन्द्र सरकार को सौंपेगी।
(आंकड़े 23 फरवरी 2026 के अनुसार )