
Rajasthan BJP State Vice President Mukesh Dadhich Statement: दौसा: राजस्थान बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कांग्रेस पर चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाकर देश में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पूर्व चुनाव आयुक्तों को राज्यपाल बनाया और लोकसभा चुनाव के टिकट भी दिए। कांग्रेस को बताना चाहिए कि संवैधानिक पदों पर रहे अधिकारियों को सेवानिवृत्ति के बाद राजनीतिक अवसर क्यों दिए गए।
बता दें कि मुकेश दाधीच गुरुवार को दौसा जिले में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टी.एन. शेषन के कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ने और एम.एस. गिल के कांग्रेस से जुड़कर राज्यसभा सदस्य व केंद्रीय मंत्री बनने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मतदाता सूची से नाम हटने के मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय तथ्यों के साथ अपनी बात रखनी चाहिए।
दाधीच ने दावा किया कि मतदाता सूची से हटाए गए नामों में मृतकों, स्थानांतरित हो चुके लोगों और सत्यापन नहीं हो पाने वाले मतदाताओं के नाम भी शामिल हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस ऐसे नामों को मतदाता सूची में बनाए रखना चाहती है? उन्होंने ईवीएम और वोट चोरी के आरोपों पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने आरोपों के समर्थन में प्रमाण देने चाहिए।
दाधीच ने सवाल किया कि अगर वोट चोरी हुई है तो दूसरे दलों के प्रत्याशी चुनाव कैसे जीत रहे हैं? उन्होंने कहा कि मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में कांग्रेस कैसे जीत रही है? उन्होंने कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों पर सवाल उठाते हुए पार्टी से इनका जवाब देने को कहा।
दाधीच ने बताया कि भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों के जवाब में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान शुरू किया है। इसके तहत पदयात्राओं, संगोष्ठियों और जनजागरण कार्यक्रमों के माध्यम से जनता तक अपनी बात पहुंचाई जाएगी। पत्रकार वार्ता को जिले के चुनाव प्रभारी प्रणवेन्द्र शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रेला ने भी संबोधित किया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष प्रभूदयाल शर्मा और मीडिया प्रभारी प्रेम हरितवाल मौजूद रहे।