
मंडावर। आस्थाधाम मेहंदीपुर बालाजी से दर्शन कर हरियाणा लौट रही श्रद्धालुओं से भरी टूरिस्ट बस में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब पति ने गुस्से में अपनी पत्नी को रिवॉल्वर से गोली मार दी। घटना मंडावर बस स्टैंड के पास हुई। गोली महिला लाड़ी (करीब 40 वर्ष) की गर्दन के पास लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बस में सवार श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई।
यह वीडियो भी देखें
सूत्रों के अनुसार हरियाणा के करनाल के समीप हसनपुर से टूरिस्ट बस शनिवार को मेहंदीपुर बालाजी दर्शन के लिए आई थी। दर्शन व भजन-सत्संग के बाद रविवार शाम करीब 5 बजे सभी श्रद्धालु वापस लौट रहे थे। चालक की सीट के पीछे बैठे रविंदर और उसकी पत्नी लाड़ी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में पति रविंदर ने रिवॉल्वर से पत्नी पर गोली चला दी। बस चालक रामस्वरूप ने बस को तत्काल मंडावर बस स्टैंड पर रोककर घायल महिला को पति के साथ पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।
वहां अस्पताल कर्मियों ने गोली लगने का मामला बताकर महिला को बिना उपचार किए दौसा के बड़े अस्पताल रेफर कर दिया। आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को घटना की सूचना भी नहीं दी और आरोपी पति घायल पत्नी को लेकर वहां से निकल गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई, लेकिन तब तक बस अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुकी थी और आरोपी भी घायल पत्नी को लेकर जा चुका था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। निजी हॉस्पिटल के संचालक डॉ. रोहित ने बताया कि वे अस्पताल में मौजूद नहीं थे। कर्मचारियों ने गोली लगने का मामला होने के कारण घायल महिला को बड़े अस्पताल जाने की सलाह देकर भेज दिया।
घटना की जानकारी ली जा रही है। महिला के घायल होने की सूचना मिली है। इस मामले में कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले अलवर शहर में दिनदहाड़े पेट्रोल पंप के सेल्समैन को गोली मार दी गई थी। हालांकि पुलिस ने जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया। शुरुआती जांच में पुलिस इस घटना को आपसी विवाद या पैसों के लेन-देन से जोड़कर देख रही थी, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा निकला। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपनी प्रेमिका के कहने पर सेल्समैन पर गोली चलाई थी। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई, जिसके बाद पूरी साजिश का खुलासा हो गया।