दौसा

अमित शाह से मिले विधायक राजेंद्र मीणा, महवा को जिला बनाने समेत कई मांगें रखीं

Dausa politics News: महवा विधायक राजेंद्र मीणा ने दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर महवा को जिला बनाने, हाईवे और नवोदय विद्यालय समेत कई मांगें रखीं, सियासी चर्चाएं भी तेज है।
2 min read
Mar 25, 2026
Feature image
फोटो- विधायक की ग्रह मंत्री अमित शाह से मुलाकात

Dausa politics News: दौसा जिले के महवा से विधायक राजेंद्र मीणा ने बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए। इस दौरान विधायक अपने परिवार के साथ गृहमंत्री से मिलने पहुंचे। मुलाकात के दौरान उन्होंने महवा क्षेत्र के बुनियादी ढांचे, शिक्षा और परिवहन से संबंधित मांगों को प्रमुखता से रखा। उनकी इस मुलाकात को सियासी हवाएं भी मिल रही है।

महवा को जिला बनाने की प्रमुख मांग

विधायक मीणा ने महवा को जिला बनाने की मांग को सबसे अहम बताते हुए कहा कि इससे प्रशासनिक सुविधा बढ़ेगी और क्षेत्र का समग्र विकास संभव होगा। इसके अलावा उन्होंने मंडावर-महवा रोड स्थित रेलवे स्टेशन पर गोमती एक्सप्रेस के ठहराव की मांग भी रखी, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिल सके।

हाईवे और शिक्षा सुविधाओं पर भी जोर

मुलाकात के दौरान महवा-करौली स्टेट हाईवे को फोरलेन करने की मांग भी रखी गई। विधायक ने कहा कि सड़क चौड़ी होने से यातायात सुगम होगा और क्षेत्रीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही महवा में नवोदय विद्यालय खोलने की आवश्यकता भी गृहमंत्री के सामने रखी गई, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

पूर्वी राजस्थान और आदिवासी विकास पर चर्चा

विधायक ने पूर्वी राजस्थान के विकास और आदिवासी समुदायों से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सामाजिक, शैक्षिक और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता जताई। गृहमंत्री अमित शाह ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।

मुलाकात के बाद सियासी चर्चाएं तेज

इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है। गौरतलब है कि इससे पहले 13 मार्च को कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा भी अमित शाह से मिल चुके हैं। अब उनके भतीजे और महवा विधायक राजेंद्र मीणा की यह मुलाकात कई सियासी कयासों को जन्म दे रही है।