दौसा

Success Story: वायुसेना की नौकरी छोड़ पहले ही प्रयास में राजेश बने RAS, जानें अजय और सोमेन्द्र सिंह की भी सफलता का राज

RAS Success Story: ग्रामीण क्षेत्र में भी प्रतिभाओं की कमी नहीं है। दौसा जिले के तीन युवाओं ने कठिन परिश्रम से सफलता हासिल की और अब आरएएस बनकर सेवा करेंगे।
2 min read
Apr 20, 2026
Rajesh Prasad Meena-Ajay Kumar Meena
राजेश प्रसाद और अजय कुमार। फोटो: पत्रिका

दौसा। बसवा उपखंड क्षेत्र के ऐंचेंडी गांव निवासी राजेश प्रसाद मीना के राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) में चयन से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। राजेश ने अपने पहले ही प्रयास में एसटी एक्स सर्विसमैन कोटे में पूरे राज्य में दूसरी रैंक हासिल की है। वे ऐंचेंडी गांव से आरएएस में चयनित होने वाले पहले व्यक्ति हैं।

राजेश ने बताया कि उनका बचपन से ही देश और आम जनता की सेवा करने का सपना था। इसी उद्देश्य से उन्होंने पहले भारतीय वायु सेना में सेवा की और पिछले वर्ष वीआरएस लेकर प्रशासनिक सेवा की तैयारी शुरू की। उन्होंने इस सफलता का श्रेय परिवारजनों के सहयोग को दिया। उनके छोटे भाई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, जबकि बहन तृतीय श्रेणी शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं।

अजय मीणा की एसटी वर्ग में 30वीं रैंक

महुवा उपखंड क्षेत्र के सांथा गांव में उस समय खुशी की लहर दौड़ गई जब गांव के बेटे अजय कुमार मीणा ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा में एसटी वर्ग में 30वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया। उन्होंने यह सफलता दूसरे प्रयास में हासिल की। सफलता का श्रेय बड़े भाई रविंद्र मीणा को दिया, जो कस्टम विभाग में अधिकारी हैं। महुवा विधायक राजेंद्र मीणा, जिला परिषद सदस्य छोटू राम मीणा, पुष्पेंद्र सांथा, विक्रम मीणा सहित कई जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक बताया।

सोमेन्द्र सिंह का आरएएस में चयन, एमबीसी वर्ग में 16वीं रैंक

बांदीकुई शहर के गुढ़ा रोड निवासी सोमेंद्र सिंह गुर्जर पुत्र रतन पटेल का आरएएस में चयन हुआ है। उन्होंने एमबीसी वर्ग में 16वीं (770) रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वर्तमान में सोमेंद्र दिल्ली विकास प्राधिकरण में डिप्टी डायरेक्टर के पद पर कार्यरत है। उन्होंने दूसरे प्रयास में यह सफलता हासिल की है।

इससे पूर्व उनका बैंक पीओ, कस्टम इंस्पेक्टर, डबल एओ एवं रेंजर वन विभाग में भी चयनित हो चुका हैं। सफलता का श्रेय रेलवे कोऑपरेटिव बैंक में शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत चाचा जतन सिंह, पिता रतन पटेल प्रदेश महासचिव राजेश पायलट किसान संगठन, माता एवं परिवारजनों को दिया है। उनके एक पुत्र हैं। इनके चयन पर लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी जताई।

Updated on:
20 Apr 2026 02:01 pm
Published on:
20 Apr 2026 02:01 pm