दौसा

राजस्थान में खाप पंचायत के फरमान के बाद लव मैरिज करने वाली महिला ने जारी किया वीडियो, जानिए क्या कुछ कहा

Dausa Love Marriage Case: राजस्थान के दौसा जिले में खाप पंचायत के तुगलकी फरमान के बाद लव मैरिज करने वाले महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया। महिला ने जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
2 min read
• •
Updated: 17 Jul 2026, 1:56 PM IST
Dausa love marriage case-1
महिला ने वीडियो जारी कर लगाई सुरक्षा की गुहार। फोटो: पत्रिका

Dausa Khap Panchayat: दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में खाप पंचायत के तुगलकी फरमान के बाद लव मैरिज करने वाले महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया। महिला ने अपने ससुराल और पीहर पक्ष के कुछ लोगों से जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। इधर, इस मामले में 8 नामजद सहित करीब 125 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है। बता दें कि शा​दीशुदा महिला से लव मैरिज करने के बाद 84 गांवों की खाप पंचायत ने युवक पर 21 लाख रुपए का जुर्माना लगाया था। साथ ही जुर्माना नहीं देने पर परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने की चेतावनी दी थी।

मामले के तूल पकड़ने के बाद लव मैरिज करने वाली महिला ने वीडियो जारी कर अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है। महिला ने एक वीडियो जारी कर दावा किया है कि उसने अपनी इच्छा और सहमति से प्रेम विवाह किया है। उसका अपहरण या जबरदस्ती नहीं हुई।

महिला ने कहा कि उसकी शादी उसकी इच्छा के विरुद्ध कराई गई थी और वह अपनी मर्जी से युवक के साथ रह रही है। उसने ससुराल और पीहर पक्ष के कुछ लोगों की ओर से प्रताड़ित किया जा रहा है। ऐसे उसकी जान को खतरा हो सकता है। महिला ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग भी की है।

खाप पंचायत का वीडियो भी हो रहा वायरल

रामगढ़ पचवारा क्षेत्र के कंवरपुरा गांव से जुड़े लव मैरिज प्रकरण को लेकर कौशी बड़ी आश्रम में आयोजित खाप पंचायत का भी वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें पंचायत के प्रतिनिधियों की ओर से युवक पक्ष पर 21 लाख रुपए का आर्थिक दंड लगाने की घोषणा की गई है। इसमें शादी से जुड़े खर्च, जेवरात एवं अन्य मदों को शामिल बताया गया है। साथ ही भविष्य में ऐसे मामलों में 51 लाख रुपए तक जुर्माना लगाने की चेतावनी भी दी गई है। युवक के परिजनों का आरोप है कि पंचायत ने उन्हें दोषी ठहराते हुए जबरन जुर्माना लगाया और राशि जमा नहीं करने पर सामाजिक बहिष्कार की धमकी दी।

ये है पूरा मामला

क्षेत्र की एक युवती अपने परिवार के साथ जयपुर क्षेत्र में रहती थी। उसकी शादी 29 अप्रेल को कंवरपुरा क्षेत्र के एक युवक के साथ हुई। लेकिन शादी के करीब दो माह बाद ही यह नव विवाहिता घर से चली गई और उसने रामगढ पचवारा क्षेत्र के एक युवक के साथ रहने लगी थी, इस मामले को लेकर परिजनों की ओर से जयपुर के कानोता थाने में गुमशुदगी का प्रकरण भी दर्ज कराया था, जिस पर महिला ने उक्त युवक के साथ ही रहने के संबंध में अपने बयान दर्ज कराए थे। कंवरपुरा क्षेत्र के ससुराल पक्ष के लोगों की मांग है कि उनकी महिला को लौटाया जाए या उनका सामाजिक स्तर पर कोई निर्णय किया जाए। इस मुद्दों को लेकर पंचायत का आयोजन हुआ था।

Updated on:
17 Jul 2026, 1:56 PM IST
Published on: